राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड ने गुरुवार को उस वक्त राजनीतिक रंग ले लिया, जब आम आदमी पार्टी और बीजेपी के नेताओं में भिड़ंत हो गई. स्थिति इतनी बिगड़ी कि बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी और आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, उसके बाद धक्कामुक्की की नौबत आ गई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया.
इस घटना को लेकर आप के नेता अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बाद में मौके पर पहुंचे केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पालम में पीड़ित परिवार से मिलने और मकान मालिक राजेंद्र कश्यप के दुख में शामिल होने गया था, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं ने वहां हमें मिलने से रोका, बदसलूकी की, कुर्सियाँ फेंकीं. केजरीवाल ने फायर ब्रिगेड की हाइड्रोलिक लिफ़्ट न खुलने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नाकामी और लापरवाही से 9 लोगों की जान चली गई. अब शोक संतप्त परिवार के घर पर गुंडागर्दी की जा रही है. ये अमानवीयता की पराकाष्ठा है. केजरीवाल ने राजेंद्र कश्यप को आप का कार्यकर्ता बताया.
पालम में पीड़ित परिवार से मिलने गया था, कश्यप जी के दुख में शामिल होने के लिए गया था लेकिन BJP कार्यकर्ताओं ने वहाँ हमें मिलने से रोका, बदसलूकी की, कुर्सियाँ फेंकीं.. ये कैसे लोग हैं? मानवता ख़त्म हो चुकी है इन लोगों में।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 19, 2026
सरकार की नाकामी और लापरवाही ने 9 लोगों की जान ले ली।… pic.twitter.com/tBrzE88H47
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी के लोगों पर कुर्सी फेंककर मारने का आरोप लगाया, जो पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी. AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "भाजपा के नेता यहां बैठकर झूठ बोलते हैं कि फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां खुली थीं और सब कुछ ठीक था. जनता कह रही है कि फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां खुली नहीं थीं. वो यहां आकर राजनीति कर रहे हैं... आप सब कुछ छिपा रहे हैं."
बता दें कि पालम मेट्रो स्टेशन के पास एक बहुमंजिला इमारत में बुधवार को आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी और 3 घायल हुए थे. ये बिल्डिंग स्थानीय मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप की थी. उनका परिवार ऊपर की मंजिलों पर रहता था. निचली और पहली मंजिल पर कपड़े व कॉस्मेटिक का शोरूम था. घटना के वक्त राजेंद्र गोवा में थे.
ये शोक सभा है
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) March 19, 2026
ये कुर्सी भाजपा के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुण्डों ने मुझे फेंक के मारी , मुझे नहीं लगी, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी , वो घायल हुए
सोचिए एक परिवार के 9 लोग इस भाजपा सरकार की लापरवाही से मर गए और शोकसभा में अरविंद केजरीवाल जी आ रहे थे
ये भाजपा… pic.twitter.com/qNT212kO3l
बताया जा रहा है कि आप के नेता जब शोकसभा में बैठे थे, तभी वहां बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी पहुंच गए. इसी बीच सौरभ भारद्वाज हाइड्रोलिक मशीन फेल होने के लिए बीजेपी को जिम्मेदार बताते हुए अपने मोबाइल पर वीडियो दिखाने लगे. इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति की, जिसके बाद पहले नोकझोंक, फिर धक्का-मुक्की होने लगी. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने एक कुर्सी उठाकर फेंकी. सौरभ भारद्वाज का दावा है कि वह कुर्सी उनके बजाय पूर्व विधायक विनय मिश्रा को लगी. खबर लिखे जाने तक बीजेपी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं