- महाराष्ट्र के पालघर में दिनदहाड़े एक युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया
- हमलावर ने युवती की गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया
- ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. हमले का वीडियो बहुत ही भयावह है
वो पीछे से दौड़ता हुआ आया, सामान जमीन पर फेंका, आगे जा रही महिला को गर्दन से दबोचकर जमीन पर गिराया, फिर हाथ में लगे धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार किए. वह तब तक हथियार उसकी गर्दन के आसपास घोंपता रहा, जबतक महिला बदहवास होकर जमीन पर गिर नहीं गई. ये खौफना वारदात है महाराष्ट्र के पालघर की. जहां दिनदहाड़े एक युवती पर एक फरसा जैसे दिखने वाले हथियार से जानलेवा हमला किया गया.
सड़क पर जा रही लड़की पर जानलेवा हमला
हमलावर ने युवती की गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. जब वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गई तो वह वहां से फरार हो गया. ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. हमले का वीडियो बहुत ही भयावह है. लड़की बेसुध हालत में बीच सड़क पर पड़ी थी. तभी वहां से स्कूटी से गुजर रहे एक शख्स की नजर उस पर पड़ी. उसने तुरंत स्कूटी रोकी और आसपास के अन्य लोगों को वहां बुलाया.
पालघर में गर्दन दबोची, चपरासी ने सड़क पर धारदार हथियार से कलेक्टर ऑफिस की महिला कर्मचारी पर किए वार, खौफनाक वीडियो#Maharashtra pic.twitter.com/CHaQ49Vbec
— NDTV India (@ndtvindia) June 13, 2026
चपरासी ने की लड़की की जान लेने की कोशिश
देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. उन्होंने तुरंत पालघर पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी. फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने मौके का मुआयना कर स्थिति का जायजा लेकर घायल लड़की को अस्पताल भिजवाया. जानकारी के मुताबिक, पीड़ित लड़की सरकारी कर्मचारी है. वह पालघर जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्टर ऑफिस के राजस्व विभाग में काम करती है. वहीं आरोपी भी सरकारी विभाग से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, हमलावर एक कोर्ट में चपरासी है.

धारदार हथियार से वार कर लड़की को किया घायल
हमलावर को पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी है. वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल लड़की को इलाज के लिए पालघर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन उसकी बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस वारदात के पीछे की असल वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है. पालघर पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी का नाम अमोल मुले बताया जा रहा है जो है, जो हमले के बाद से फरार है. वहीं घायल युवती का नाम स्नेहल सावंत है.
ये भी पढ़ें- '370 की बिरयानी' के बाद अब रेप पर भद्दा मजाक, कौन हैं स्टैंड-अप कॉमेडियन मधु विरली, ट्रोलर्स के निशाने पर आए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं