विज्ञापन

MBBS एडमिशन के नाम पर लाखों की ठगी! पुणे, मुंबई और हैदराबाद में खोले फर्जी एडमिशन सेंटर

एमबीबीएस एडमिशन के नाम पर पुणे, मुंबई और हैदराबाद में बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है. फर्जी एडमिशन सेंटर और नकली अलॉटमेंट लेटर के जरिए 40 से अधिक छात्रों और अभिभावकों से लाखों-करोड़ों रुपये वसूले गए.

MBBS एडमिशन के नाम पर लाखों की ठगी! पुणे, मुंबई और हैदराबाद में खोले फर्जी एडमिशन सेंटर

एमबीबीएस में दाखिले का सपना दिखाकर छात्रों और उनके अभिभावकों से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करने का बड़ा मामला सामने आया है. पुणे, मुंबई और हैदराबाद में फर्जी एडमिशन सेंटर खोलकर आरोपी ने 40 से ज्यादा छात्रों को अपने जाल में फंसाया. नकली अलॉटमेंट लेटर और दस्तावेजों के जरिए की गई इस ठगी का खुलासा होने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह पूरा मामला पुणे, मुंबई और हैदराबाद से जुड़ा हुआ है. आरोपी ने इन शहरों में फर्जी एडमिशन गाइडेंस सेंटर खोले और खुद को मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन दिलाने वाला एजेंट बताता था. उसकी बातों में आकर कई छात्र और अभिभावक उसके संपर्क में आए और बड़ी रकम दे बैठे.

यशपाल सोनकांबले की रिपोर्ट...

फर्जी कंपनी बनाकर रचा खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसके साथियों ने हैदराबाद में ‘एडव्हिओ लर्निंग सोल्यूशन्स प्रा. लि.' नाम की एक फर्जी कंपनी बनाई थी. इसी कंपनी के नाम पर एडमिशन दिलाने का भरोसा देकर लोगों को झांसा दिया जाता था.

नकली अलॉटमेंट लेटर से किया फ्रॉड

आरोपियों ने छात्रों को फर्जी अलॉटमेंट लेटर और एडमिशन से जुड़े नकली दस्तावेज थमा दिए. इन कागजों के आधार पर अभिभावकों को यकीन दिलाया गया कि उनके बच्चों का चयन प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में हो गया है, जबकि असल में सब कुछ फर्जी था. इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब पुणे के एक अभिभावक से ₹8.25 लाख की धोखाधड़ी की गई. शिकायत मिलने के बाद येरवडा पुलिस ने जांच शुरू की और धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं केस

पुलिस ने इस मामले में तेलंगाना के रहने वाले 47 वर्षीय आदित्यकुमार उर्फ अरविंद प्रकाशकुमार आरोगोंडा को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ पहले से ही हैदराबाद और मुंबई में धोखाधड़ी के छह मामले दर्ज हैं. वह पहले मुंबई की आर्थर रोड जेल में भी बंद रह चुका है.

40 से ज्यादा छात्रों को बनाया शिकार

येरवडा पुलिस आरोपी को आर्थर रोड जेल से अपनी हिरासत में लेकर आई और उससे पूछताछ की. जांच में यह साफ हुआ कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था और कई शहरों में उसका नेटवर्क फैला हुआ था. पुलिस के अनुसार, अब तक 40 से अधिक छात्रों और उनके परिवारों को इस गिरोह ने ठगा है.  

पुलिस की जांच जारी

फिलहाल येरवडा पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mbbs Admission Scam In India, MBBS News, Fake Admission Letters, Maharashtra Breaking News, Pune News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com