हाल ही में समाप्त हुआ इंग्लैंड दौरा पाकिस्तान के लिए किसी भयावह सपने से कम नहीं रहा. टीम को यहां खेले गए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से शिकस्त का सामना करना पड़ा. पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लिश टीम ने मेहमान टीम को पारी और 103 रनों से हराया. इसके बाद दूसरे मुकाबले में 194 रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. आखिरी मुकाबले में पाक खिलाड़ियों ने थोड़ा दम दिखाया. मगर यहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. मेजबान टीम ने आठ विकेट से हराया. उसके बाद से ग्रीन टीम की चारों तरफ आलोचना हो रही है. इसी कड़ी टीम में टीम के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने अब युवा ऑलराउंडर रजाउल्लाह की क्लास लगाई है.
दरअसल, अनुभवी खिलाड़ियों के शुरुआती दो मुकाबलों में फ्लॉप होने के बाद पाक टीम ने आखिरी मुकाबले में कुछ नए चेहरों को मौका दिया था. जिसमें रजाउल्लाह का भी नाम शामिल था. डेब्यू मुकाबले में ही 21 वर्षीय खिलाड़ी का प्रदर्शन सराहनीय रहा. टीम के लिए पहले उन्होंने गेंदबाजी के दौरान पहली पारी में रफ्तार और स्विंग के कमाल से चार सफलता प्राप्त की. उसके बाद बल्लेबाजी में भी उनका बल्ला जमकर चला. टीम के लिए उन्होंने 63 गेंदों में देखते ही देखेते 81 रन ठोक दिए. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से नौ छक्के और चार चौके देखने को मिले.
A GRAND WELCOME OF RAZAULLAH IN ISLAMABAD. 🇵🇰 pic.twitter.com/HU9Q2Ujx3H
— Sheri. (@CallMeSheri1_) September 15, 2026
हालांकि, रजाउल्लाह के इस दमदार प्रदर्शन के बावजूद ग्रीन टीम को कामयाबी हाथ नहीं लगी और शिकस्त का सामना करना पड़ा. जब वह पाकिस्तान लौटे तो उनका लोगों ने काफी जोरदार तरीके से स्वागत किया. एयरपोर्ट पर हजारों की संख्या में लोग उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे. यही बात अकरम को रास नहीं आई है.
उन्होंने अपने दिल की भड़ास निकालते हुए कहा, 'जरा मुंह छुपाकर जाओ. घर जाकर जश्न मनाओ. दुनिया का सबसे अच्छा कोच और सबसे अच्छा चेयरमैन भी ले आओ, लेकिन खिलाड़ी तो यही हैं. कोई नया खिलाड़ी नहीं आया है. बात मानसिकता की है. हम इंग्लैंड से सिर्फ हारे नहीं, बुरी तरह पिटे हैं. ऐसे में वह इस्लामाबाद पहुंचता है और 5,000 लोग उसका स्वागत करने आ जाते हैं. पूरा गांव फूल-मालाएं लेकर पहुंच जाता है. यह हमारी मानसिकता को दिखाता है. हमने औसत दर्जे के खेल को स्वीकार कर लिया है.'
यह भी पढ़ें- क्रिकेट के 'गंभीर' और राजनीति के 'शाह', मुलाकात की तस्वीरें हुईं वायरल, मिला खास मार्गदर्शन!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं