विज्ञापन

ब्रिटेन में सिख बस ड्राइवर पर हमला, हमलावर गाड़ी लेकर भागा; आरोपी गिरफ्तार

इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स में एक ब्रिटिश सिख बस ड्राइवर पर हमला कर उसे बस से बाहर फेंक दिया गया, जिसके बाद आरोपी बस लेकर फरार हो गया.

ब्रिटेन में सिख बस ड्राइवर पर हमला, हमलावर गाड़ी लेकर भागा; आरोपी गिरफ्तार
ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं और मामले की जांच जारी है.
NDTV

इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में एक ब्रिटिश सिख बस ड्राइवर पर बीच सड़क हमला कर उसे बस से नीचे फेंक दिया गया और फिर आरोपी बस लेकर फरार हो गया. इसके बाद उसने गलत दिशा में बस दौड़ाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी. पुलिस ने पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह घटना शुक्रवार शाम श्रॉपशायर के मेडली इलाके के कोर्ट स्ट्रीट पर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बस ड्राइवर से भिड़ता है, उस पर हमला करता है और उसे बस से बाहर निकाल देता है. इसके बाद वह बस लेकर निकल जाता है.

बस ड्राइवर चोटिल

वेस्ट मर्सिया पुलिस के मुताबिक, बस को पार्क वे से होते हुए हाई स्ट्रीट की ओर गलत दिशा में चलाया गया. इस दौरान बस कई वाहनों से टकराई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में बस ड्राइवर को मामूली चोटें आईं और किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.

घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बस को रोकने में सफल रही. पुलिस ने 20 वर्ष की उम्र के आसपास के एक व्यक्ति को लूटपाट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के संदेह में गिरफ्तार किया. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.

मामले की हो रही है जांच

मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव सार्जेंट टैग लैनी ने कहा कि यह घटना स्थानीय लोगों के लिए बेहद चिंताजनक रही होगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास डैशकैम, सीसीटीवी, मोबाइल फोन या डोरबेल कैमरे की फुटेज है तो उसे पुलिस के साथ साझा करें, ताकि जांच में मदद मिल सके.

पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बस ड्राइवर पर हमला करने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इस घटना ने स्थानीय समुदाय में चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें: डायना कैसे बनीं ब्रिटेन की राजकुमारी, भाई ने अपनी नई किताब में खोले बड़े राज; शाही घराने की गजब कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
British, England
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com