Ajinkya Rahane on Sri Lanka Tour: पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भारतीय बल्लेबाजों को श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से गॉल में शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में आक्रामक खेलने की सलाह दी है. श्रीलंका के 2017 के दौरे पर 3.0 से मिली जीत में रहाणे ने अहम भूमिका निभाते हुए एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था. रहाणे ने कहा, ‘मेरा मानना है कि श्रीलंका में पहले दिन का विकेट अच्छा होता है लेकिन गेंदबाज पर हावी होना जरूरी है. मैने श्रीलंका में यही सीखा है कि आप रक्षात्मक नहीं खेल सकते.'
उन्होंने कहा,‘आपको अधिक आक्रामक होना होगा क्योंकि उनके विकेट स्पिनरों के मददगार है. श्रीलंका के पास बेहतरीन स्पिनर भी हैं और मेजबान टीम को हराना हमेशा कठिन होता है. इतने साल के अपने अनुभव पर मैं इतना ही कह सकता हूं कि किसी को हलके में नहीं लिया जा सकता.' किसी समय भारत के लिये सभी प्रारूपों में खेलने वाले रहाणे ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी पिछले कुछ साल में पूरी तरह से बदल गई है , खासकर जबकि टी20 प्रारूप इतना लोकप्रिय हो रहा है.
उन्होंने कहा , ‘खेल बहुत बदल गया है. टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो आप देखेंगे कि कितने टी20 क्रिकेटर भी टेस्ट खेल रहे हैं. स्कूप, लैप, स्विच हिट, रिवर्स स्वीप शॉट लगाये जा रहे हैं, जो अच्छी बात है. खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट में हर प्रारूप की जरूरत के मुताबिक तेजी से ढलना होता है.' पूर्व बल्लेबाज ने कहा ‘मैं अभी भी खेलना चाहता हूं. यह नहीं कह सकता कि साल में कितने मैच खेलूंगा, लेकिन यही कहूंगा कि अभी खेल सकता हूं. यही वजह है कि मैं ईटीपीएल खेल रहा हूं. आईपीएल टीम का मेन्टॉर बनकर भी खुशी होगी क्योंकि मेरे पास जो अनुभव है .
यह भी पढ़े: भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित होगा ये खिलाड़ी, मोहम्मद कैफ की चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं