Sir Garfield Sobers, who has hit Six Sixes in an over: क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा नाम सर डॉन ब्रैडमैन का है. लेकिन सबसे महान ऑलराउंडर, सबसे कम्प्लीट क्रिकेटर के तौर पर आज भी दुनिया में सर गैरी सोबर्स की बराबरी कर पाना दुनिया के किसी भी ऑलराउंडर के लिए किसी ख़्वाब जैसा ही है. दुनिया के महानतम ऑलराउंडर सर गैरीफील्ड सोबर्स ने 89 साल की उम्र में शुक्रवार को दुनिया को अलविदा कहा तो उनकी यादों और कहानियों का सिलसिला निकल आया. इत्तिफ़ाक ये भी है कि अपना 90वां जन्मदिन (28 जुलाई) मनाने से 11 दिन पहले वो दुनिया से रुख़सत हो गए.
21 साल की उम्र में 365, तोड़ा ब्रैडमैन का रिकॉर्ड
बहुत कम लोग जानते होंगे कि सोबर्स ने जब 1958 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ किंग्सटन ओवल पर नाबाद 365 रनों की पारी खेली थी, वो उनके टेस्ट करियर की पहली शतकीय पारी थी. यही नहीं उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ़ 21 साल 213 दिन थी और उन्होंने ऐसा करते हुए सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ा था.
आख़िरी मुलाक़ात की तस्वीरों संग सर सोबर्स को श्रद्धांजलि
तीन साल पहले साल 2023 में चीम इंडिया के वेस्ट इंडीज दौरे पर विराट कोहली, रोहित शर्मा, कोच राहुल द्रविड़ और शुभमन गिल समेत पूरी टीम के सर गैरी सोबर्स से मुलाकात करने की ये तस्वीरें दिल को छू लेने वाली हैं.
बीसीसीआई ने अपने ‘X' हैंडल पर टीम इंडिया और जीनियस सर सोबर्स और उनकी पत्नी की मुलाक़ात की तस्वीरों को साझा किया है और उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की है. इन तस्वीरों में भारतीय टीम बारबेडॉस के केनसिंग्टल ओवल पर ‘गारफ़ील्ड सोबर्स पैवेलियन' के बाहर सर सोबर्स और उनकी पत्नी से मुलाक़ात करती दिखाई दे रही है.
बैटिंग-बॉलिंग-कैंचिंग में एक जैसे महारथी थे सोबर्स
सर सोबर्स ने मार्च 1954 से अप्रैल 1974 के बीच 93 टेस्ट मैचों में 58 के औसत (57.78) से 26 सेंचुरी और 30 हाफ़ सेंचुरी के सहारे 8,032 रन बनाए. बाएं हाथ के बैटर और बाएं हाथ के मीडियम पेसर के तौर पर सोबर्स ने 235 टेस्ट विकेट अपने नाम किये. 93 टेस्ट मैचों में उन्होंने एक से बढ़कर एक 109 कैच भी लपके. उन्होंने सिर्फ़ एक वनडे मैच खेला, जिसमें एक विकेट लिया.
टेस्ट क्रिकेट के धुरंधर सोबर्स- बैटिंग
- टेस्ट मैच 93
- रन 8032
- औसत 57.78
- बेस्ट 365*
- 100 26
- 50 30
सोबर्स की फ़ील्डिंग और कैचिंग
- टेस्ट में विकेट 235
- इकॉनमी 2.22
- बेस्ट 6/73
- कैच 109
क्रिकेट में पहली बार पहली बार एक ओवर में 6 छक्के
सर सोबर्स फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में एक ही ओवर में छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ थे. सोबर्स ने ये कारनामा काउंटी क्रिकेट में ग्लैमॉर्गन के खिलाफ 1968 में नॉटिंघमशायर की तरफ से बतौर कप्तान खेलते हुए किया था.नॉटिंघमशायर और ग्लैमॉर्गन के बीच अगस्त-सितंबर, 1968 में खेले गए उस मैच में कप्तान गैरी सोबर्स छठे-सातवें नंबर पर बल्लेबाज़ी कर रहे थे. ग्लैमॉर्गन के लेग स्पिनर मैल्कम नैश के लिए वो दिन बेहद बुरा साबित हुआ. उस ओवर में सोबर्स ने नैश की हर एक गेंद पर छक्के जड़ दिये.
In 1968 Sir Gary Sobers became the first batter to hit 6 sixes in an over. RIP Sir Gary Sobers, gone, but never forgotten 💔😢🏏 pic.twitter.com/81Ro2Z7Bii
— James (@Surreycricfan) July 17, 2026
बताया जाता है कि मैच के बाद लेग स्पिनर नैश डिप्रेस भी हो गये. लेकिन सोबर्स क्रिकेट की दुनिया में अमर हो गए. उनका बैकलिफ़्ट और मैदान के हर कोने में खेलने की क्षमता को आज भी क्रिकेटर्स अपनाने की कोशिश करते हैं.
उन्होंने पहले पहली गेंद को मिड-विकेट के ऊपर छक्का जड़ा. फिर दूसरी गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से छक्का, तीसरी गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर छक्का, चौथी गेंद को लॉन्ग-ऑफ के ऊपर छक्का, पांचवीं गेंद को मिड-ऑन के ऊपर छक्का और फिर छठी गेंद को फिर से मिड-विकेट के ऊपर से छक्का जड़ दिया. एक ओवर में फ़र्स्ट क्लास में क्रिकेट की दुनिया ने पहली बार 6 छक्कों के साथ 36 रन का कारनामा देखा.
रवि शास्त्री और युवराज सिंह के एक ओवर में 6 छक्के!
सोबर्स के 17 साल बाद 1985 में रवि शास्त्री ने रणजी ट्रॉफी के एक मैच में में बड़ौदा के लिए तिलकराज को एक ही ओवर में 6 छक्के मारे.
फिर टी-20 में युवराज सिंह ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप में स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ छह छक्के लगा दिए. लेकिन फर्स्ट-क्लास में एक ही ओवर में 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड सबसे पहले सर गैरी सोबर्स ने ही बनाया. सोबर्स की महानता की कहानी कहते-सुनते वक्त ये भी याद रखना चाहिए कि तब ना तो वनडे और ना ही टी-20 का दौर था. क्लासिकल स्टाइल क्रिकेट खेलते हुए भी सर गैरी सोबर्स ने साबित किया था कि उनका क्लास दुनिया में सबसे जुदा है.
ये भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 Final: मेसी के पास इतिहास रचने का मौका, दांव पर होंगे 10 बड़े रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं