देवरी (सागर): मध्य प्रदेश सागर जिले के जैतपुर डोमा गांव में बंजर जमीन बेशकीमती रत्न 'उगल' रही है. मिट्टी से निकल रहे छोटे-छोटे पत्थरनुमा दानों को ग्रामीण मनके बता रहे हैं. उनका दावा है कि ये मनके बेहद कीमती हैं और अब तक करीब 10 लोगों को मिल चुके हैं. इसी उम्मीद में अपनी किस्मत आजमाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां पहुंचकर मिट्टी खंगाल रहे हैं. सागर पुरातत्त्व विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नागेश दुबे संभावना जता रहे हैं कि यहां करीब 500 साल पुरानी कोई बस्ती रही होगी.

सागर जिले के देवरी के जैतपुर डोमा गांव में मनके खोजते ग्रामीण.
खरीददार भी मौके पर हैं मौजूद
सबसे खास बात यह है कि जहां ग्रामीण को मनके मिल रहे हैं, वहां मौके पर खरीददार भी मौजूद हैं. जैसे ही किसी व्यक्ति को कोई मनका मिलता है, खरीददार उसकी गुणवत्ता, रंग और बनावट देखकर तत्काल नकद भुगतान कर उसे खरीद लेते हैं. ग्रामीणों के अनुसार, अब तक एक मनके की कीमत सबसे ज्यादा 25 हजार रुपये लगी है.
500 साल पहले होगी कोई बस्ती
इस पूरे मामले को लेकर डॉक्टर हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के पुरातत्त्व विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नागेश दुबे से NDTV ने बात की. उन्होंने कहा- यह क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक अध्ययन के आधार पर ऐसा लग रहा है कि करीब 500 वर्ष पहले इस स्थान पर कोई बस्ती रही होगी. उस समय लोग मनकों से बने आभूषण पहनते थे और संभव है कि उसी काल के ये मनके अब जमीन की ऊपरी सतह पर दिखाई दे रहे हों.

अब तक 10 से ज्यादा ग्रामीणों को मिल चुके हैं मनके.
बारिश और कटाव के कारण सतह पर आ गए मनके

अब तक सबसे महंगा मनका 25 हजार का मिला.
ये भी पढ़ें- सोने और हीरे के खजाने से भरे हैं ये ग्रह, क्या इन पर कभी इंसान जा सकते हैं?
क्या कह रहे ग्रामीण?
जैतपुर डोमा गांव के ग्रामीणों का मानना है कि ये मनके मुगलकालीन माला या आभूषणों में उपयोग किए जाने वाले मोती या कीमती पत्थर हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है जब इस तरह के मनके मिले हों. इससे पहले देवरी क्षेत्र के सिलारी गांव और केसली के मदनपुर गांव में भी ऐसे ही कीमती मनके मिले थे.
ये भी पढ़ें- खेत की खुदाई में निकला करोड़ों का सोना, गहनों के खजाने पर मची लूट, कई ने ठोका दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं