जम्मू-कश्मीर से एक बार फिर संदिग्ध गतिविधियों और फायरिंग की खबरें आ रही हैं. राजौरी जिले में LoC यानी नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए गोलीबारी की है. दरअसल, राजौरी सेक्टर में एलओसी के पास तारकुंडी इलाके में भारत और पाकिस्तान के बीच भारी गोलीबारी हुई. गोलीबारी की आड़ में पाकिस्तानी सेना आतंकवादियों को घुसपैठ कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन भारतीय जवानों ने जवाब दिया और उनकी हताश कोशिश को नाकाम कर दिया. करीब दो घंटे तक गोलीबारी चलती रही.
अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजौरी के तारकुंडी अग्रिम क्षेत्र में छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू हुई, जो करीब डेढ़ घंटे तक जारी रही. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर तैनात जवानों को संदिग्ध आतंकी गतिविधि नजर आई, जिसके बाद सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके जवाब में सीमा पार से भी छोटे हथियारों से जवाबी गोलीबारी की गई.
ये भी पढ़ें: प्रेमिका से मिलने एलओसी पार कर कश्मीर पहुंचा युवक, जांच में जुटीं एजेंसियां
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह यह पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया कि कोई घुसपैठिया तो इलाके में मौजूद नहीं है. इसके साथ ही, पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है.
कई दिनों से जारी है तलाशी अभियान
इससे पहले 14 जुलाई को इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया था. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी के कई गांवों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान तब शुरू किया गया, जब CCTV फुटेज में इलाके में दो संदिग्ध आतंकवादियों की हरकतें देखी गईं.
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा, पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में एक ऑपरेशन के दौरान पूछताछ के लिए कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया. इसके साथ ही, डोडा जिले में एक स्थानीय आतंकवादी के पैतृक घर की भी तलाशी ली गई.
(इनपुट- भाषा)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं