विज्ञापन
This Article is From Feb 17, 2024

IND vs ENG: "लोगों को संदेह था कि मैं..." अश्विन ने 500 टेस्ट विकेट लेने पर दिया बड़ा बयान, कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ने में नहीं कोई दिलचस्पी

Ashwin 500 Test Wickets: अश्विन जब 500 विकेट लेने का ऐतिहासिक कारनामा करने के बाद मीडिया के सामने आए तो उन्होंने कहा कि अनिल कुंबले के 619 विकेट के राष्ट्रीय रिकॉर्ड का पीछा करने में कोई दिलचस्पी नहीं है.

IND vs ENG: "लोगों को संदेह था कि मैं..." अश्विन ने 500 टेस्ट विकेट लेने पर दिया बड़ा बयान, कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ने में नहीं कोई दिलचस्पी
Ashwin: अश्विन ने 500 टेस्ट विकेट लेने पर दिया बड़ा बयान

भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में हो रहे सीरीज के तीसरे मुकाबले के दूसरे दिन दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इतिहास रच दिया. अश्विन ने दूसरे दिन जैसे ही जैक क्रॉली को अपना शिकार बनाया, वैसे ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकटों का आंकड़ा छू लिया. इसके साथ ही अश्विन भारत के लिए टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं. इसके अलावा अश्विन क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 500 विकटों के आंकड़े को छूने वालें गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं. अश्विन ने सिर्फ 98 मैचों में ही इस आंकड़े को छुआ है. वहीं मैच के बाद अश्विन जब मीडिया के सामने आए तो उन्होंने कहा कि अनिल कुंबले के 619 विकेट के राष्ट्रीय रिकॉर्ड का पीछा करने में कोई दिलचस्पी नहीं है.

अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बनने के बाद काफी संतुष्ट हैं और उन्हें अनिल कुंबले के 619 विकेट के राष्ट्रीय रिकॉर्ड का पीछा करने में कोई दिलचस्पी नहीं है. अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ यहां तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन 500 टेस्ट विकेट लिये और दिन का खेल खत्म होने के बाद मीडिया से कहा,"इसका बहुत ही सरल उत्तर 'नहीं' है. यह रिकॉर्ड 120 विकेट दूर है. मैं हर दिन जीना चाहता हूं और मैं 37 साल का हूं. नहीं जानता कि आगे क्या होने वाला है."

उन्होंने कहा,"अगले दो महीनों में क्या होगा? आप यह सीरीज खेल रहे हो और फिर आगे क्या, तुम्हें नहीं पता." अश्विन ने कहा,"पिछले चार-पांच सालों में मैंने यही सीखा है, यह बहुत ही सरल है और मेरे लिए कारगर भी रहा है. जो चीज आपके लिए कारगर हो, उसे क्यों बदलना?"

अपने करियर के सबसे यादगार दिन अपनी यात्रा के बारे में बात करते हुए अश्विन ने कहा कि वह कह सकते हैं कि यह कोई बुरी उपलब्धि नहीं है. अश्विन ने कहा,"यह बहुत लंबी यात्रा रही है. नहीं जानता कि कहां से शुरू करूं क्योंकि मैं संयोगवश स्पिनर बना. मैं हमेशा बल्लेबाज बनना चाहता था. जिंदगी ने मुझे मौका दिया."

उन्होंने कहा,"जब मैं चेन्नई सुपर किंग्स के ड्रेसिंग रूम में गया तो मुथैया मुरलीधरन नयी गेंद से गेंदबाजी नहीं करना चाहते थे और मुझे नयी गेंद डालनी पड़ी." अश्विन ने कहा,"मैंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अच्छी शुरूआत की और मेरा करियर अच्छा था. लेकिन आईपीएल के मंच ने मुझे काफी लोगों की नजरों में ला दिया और मुझे टेस्ट पदार्पण का मौका मिला. लोगों को संदेह था कि मैं टेस्ट गेंदबाज बन पाऊंगा या नहीं. और 10 से 13 साल बाद मैं कहूंगा कि यह बुरा नहीं है, यह बुरी उपलब्धि नहीं है. मैं बहुत खुश हूं."

अश्विन का ध्यान मौजूदा टेस्ट में लगा हुआ है जिससे उन्होंने इस उपलब्धि का बड़ा जश्न नहीं बनाया. उन्होंने कहा,"यह टेस्ट का बहुत अहम समय है, अभी नतीजा अधर में है. जश्न मनाने के लिए सबसे अच्छी चीज रात को खाना खाकर फिर इसके बारे में सोचना कि जिंदगी में कितना आगे आ गया हूं." आस्ट्रेलिया विकेटकीपर नाथन लियोन ने भी पिछले दिसंबर में अपने 500 टेस्ट विकेट पूरे किये थे. अश्विन ने खुलासा किया कि इस आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी उन्हें बधाई दी है.

यह भी पढ़ें: Ashwin 500 Wicket: "लाखों में एक..." सचिन तेंदुलकर ने अश्विन के ऐतिहासिक कारनामे पर ऐसा रिएक्शन देकर लूटी महफिल

यह भी पढ़ें: Ashwin 500 Wicket: अश्विन ने टेस्ट में पूरे किए 500 विकेट, पीएम मोदी ने बधाई देते हुए कही ये बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ravichandran Ashwin, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com