उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इस प्रशासनिक बदलाव में पांच जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, जबकि कई नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), वाराणसी नगर निगम, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और आगरा मंडल सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. तबादलों को प्रशासनिक कार्यकुशलता और विभागीय पुनर्संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है.
इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
ट्रांसफर लिस्ट के अनुसार एलडीए के मौजूदा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को जिलाधिकारी सीतापुर बनाया गया है. वर्तमान डीएम राजागणपति आर. को सीतापुर से हटाकर निदेशक, सूडा नियुक्त किया गया है. सुनील कुमार सिंह को जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं उमेश मिश्रा को मुजफ्फरनगर से हटाकर नगर विकास का विशेष सचिव बनाया गया है. जोगिंदर सिंह को जिलाधिकारी बिजनौर बनाया गया है. बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग नियुक्त किया गया है.

सरकार ने जारी की ट्रांसफर लिस्ट
Photo Credit: NDTV
महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के DM की अदला-बदली
सरकार ने महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी बनाया है. वहीं सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजगणपति जी. को महाराजगंज का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.

इन अधिकारियों के हुए तबादले
Photo Credit: NDTV
अनुज सिंह बने LDA के नए VC, वाराणसी और गोरखपुर में भी बदलाव
विशेष सचिव एवं उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अपर निदेशक अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपाठी को वाराणसी नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है. जबकि गाजियाबाद के वर्तमान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को हटाकर मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

योगी सरकार में प्रशासनिक बदलाव
Photo Credit: NDTV
नोएडा, मेरठ और अयोध्या में भी नई जिम्मेदारियां, कई मंडलों में अपर आयुक्त बदले
वंदना त्रिपाठी को अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल बनाया गया है. प्रीति जायसवाल को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा नियुक्त किया गया है. संदीप कुमार को मुख्य विकास अधिकारी, मेरठ बनाया गया है. रोहित कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, अयोध्या की जिम्मेदारी मिली है. इसके साथ ही मनोज कुमार-1 को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल, अतुल कुमार को अपर आयुक्त बरेली मंडल और प्रतिभा सिंह को अपर आयुक्त कानपुर मंडल नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें : UP IAS Transfers: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई आईएएस अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं