उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. खास बात यह रही कि उन्होंने यह आंकड़ा सीधे बताने के बजाय अपने अंदाज में सामने रखा.
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि कांग्रेस कितनी सीटें मांग रही है और क्या उसने 100 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने कहा, "देखिए, कांग्रेस पार्टी के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं. और जितनी सीटों की बात आप कह रहे हैं, उससे ज्यादा सीटें उन्होंने मांगी हैं."
कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें
इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 200 सीटें मांगी हैं, तो अखिलेश यादव ने जवाब दिया, 'उससे थोड़ी कम.' फिर सवाल आया कि क्या कांग्रेस ने 180 सीटों की मांग की है? इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "180 में एक और जोड़ दीजिए." यानी कांग्रेस की मांग 181 सीटों की थी.
पिछले चुनाव में कितनी सीटों पर लड़ीं थीं दोनों पार्टियां?
अखिलेश यादव का यह बयान इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस INDIA गठबंधन के दो प्रमुख सहयोगी दल हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं. ऐसे में पहली बार अखिलेश ने सार्वजनिक मंच से सीटों की संख्या का संकेत दिया है.
उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं. पिछले विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. इससे पहले 2017 में भी कांग्रेस महज सात सीटें जीत पाई थी. दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने 2022 के चुनाव में 111 सीटें हासिल की थीं.
2024 के नतीजों ने कांग्रेस में भरा दम
हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस के लिए कुछ उम्मीदें जरूर जगाई हैं. समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटें जीती थीं, जबकि सपा 37 सीटों पर विजयी रही थी. इस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का मनोबल बढ़ा और पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को दोबारा मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी.
यही वजह है कि विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों की हिस्सेदारी सबसे अहम सवाल बन चुकी है. कांग्रेस यदि वाकई 181 सीटों की दावेदार है तो यह संख्या राज्य की लगभग आधी सीटों के बराबर है. ऐसे में आने वाले महीनों में सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली बातचीत पर सबकी नजर रहेगी.
यह भी पढ़ें: काजीरंगा सड़क हादसे में 26 की मौत, पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा; CM सरमा ने क्या कहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं