बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है.देश में एक साथ दो बड़े मौसमी बदलाव हो रहे हैं. एक ओर बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से चक्रवाती तूफान आने की आशंका है. दूसरी ओर नया पश्चिमी विक्षोभ 15 नवंबर से सक्रिय हो रहा है. इससे हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट है. जबकि दिल्ली एनसीआर, पंजाब-हरियाणा, राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश 15-16 नवंबर को देखने को मिल सकती है.
दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi AQI Today)
दिल्ली में एक्यूआई 349 के साथ गंभीर श्रेणी में है. नोएडा में वायु प्रदूषण का स्तर 286, ग्रेटर नोएडा में 328 और गाजियाबाद में एक्यूआई 348 के साथ गंभीर स्तर पर है. गुरुग्राम में एक्यूआई 317 के लेवल पर है. बारिश से प्रदूषण में कमी आने और हवा साफ होने की उम्मीद है.
पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में मौसम करवट लेगा.जम्मू-कश्मीर, लद्दाख रीजन में 14-15 नवंबर को बारिश और बर्फबारी की संभावना है. गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 नवंबर के बीच बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट बारिश देखने को मिलेगी. पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14-15 नवंबर को गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में भी 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है.
चक्रवाती तूफान मिड-बे का मंडराता खतरा
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान से मौसम बदलेगा. बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र 14 और 15 नवंबर में डिप्रेशन में बदल जाएगा. चक्रवाती तूफान 16 नवंबर की शाम तक प्रबल रूप धारण करने की आशंका है.अंडमान और निकोबार द्वीप में 19 नवंबर के बीच मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा. तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है. ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 18-19 नवंबर को भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. बंगाल की बात करें तो कोलकाता, हावड़ा, पश्चिमी मेदिनीपुर से लेकर दक्षिण 24 परगना क्षेत्र तक चक्रवाती तूफान का असर अगले 24 घंटों में दिखाई दे सकता है. मछुआरों को 15 नवंबर के बाद बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार क्षेत्र के समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा है. लेकिन पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में मौसमी बदलाव देखने को मिलेंगे.
Low Pressure Area Over Bay of Bengal Likely to Intensify into Cyclonic Storm by 16th November #IMD #CycloneAlert #BayOfBengal #LowPressureArea #CyclonicStorm #Depression #WeatherUpdate #WeatherForecast #CycloneUpdate #SevereWeather #IndiaWeather #FishermenWarning #MeteorologicalDepartment #IMDWeather #WeatherNews #TropicalCyclone #AndamanSea @moesgoi @airnewsalerts @DDNational @ndmaindia @ICRER_MHA
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 13, 2026
झमाझम बारिश का अलर्ट
अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती तूफान के असर से दक्षिण भारतीय राज्यों में बारिश का अलर्ट है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर और 16 से 19 नवंबर के बीच बारिश के आसार हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी में 15 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है. केरल और माहे में 13-15 नवंबर और 16-19 नवंबर तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. तटीय आंध्र प्रदेश में भी 18-19 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं