विज्ञापन

7 साल बाद जिंदा मिली 'मृत' महिला, हत्या के आरोप में सजा काट रहा बेगुनाह; अब पुलिस जांच के घेरे में

इस वकीलों की सूचना पर पुलिस ने महिला को सुरक्षित केंद्र में रखा और उसका बयान दर्ज किया. महिला ने साफ कहा कि वह आरोपी को जानती तक नहीं है.

7 साल बाद जिंदा मिली 'मृत' महिला, हत्या के आरोप में सजा काट रहा बेगुनाह; अब पुलिस जांच के घेरे में
कर्नाटक में पुलिस के ऊपर एक युवक को झूठे केस में फंसाने का आरोप लगा है.
  • कर्नाटक के मांड्या जिले में एक महिला जो मृत मानी गई थी, वह जिंदा मिली है और मामले ने नया मोड़ लिया है
  • महिला मंजू ने प्रेम विवाह के लिए घर छोड़ दिया था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता ने दर्ज कराई थी
  • पुलिस ने महिला की हत्या का केस बिना शव या ठोस सबूत के दर्ज कर राजेश नाम के युवक को गिरफ्तार किया था

कर्नाटक के मांड्या जिले में पुलिस जांच में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. जिस महिला को वर्षों पहले मृत मान लिया गया था वह अब जिंदा मिल गई है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला की कथित हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया था. अब महिला के जिंदा मिलने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

प्रेम विवाह के लिए घर छोड़कर चली गई थी महिला

मामला 3 जुलाई 2019 का है. पांडवपुरा तालुक के के. शेट्टाहल्ली गांव की रहने वाली मंजू अपने पिता के घर से निकल गई थी. बताया गया कि उसकी शादी उसकी इच्छा के खिलाफ कराई गई थी. घर छोड़ते समय उसने पांडवपुरा बस स्टैंड पर एक राहगीर से मोबाइल फोन लेकर घर पर जरूरी कॉल की थी. यह मोबाइल राजेश नाम के युवक का था जो रागिमुद्दनहल्ली का निवासी है.

मंजू के वापस नहीं लौटने पर उसके पिता नागराजू ने पांडवपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मंजू की आखिरी कॉल का पता लगाया जो राजेश के मोबाइल से की गई थी. हालांकि लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने पर 2021 में गुमशुदगी का मामला बंद कर दिया गया.

फिर हत्या का केस दर्ज हुआ

अगस्त 2021 में नागराजू ने दो लोगों के दावों के आधार पर नई शिकायत दी. आरोप लगाया गया कि राजेश ने मंजू का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और शव कावेरी नदी में फेंक दिया. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया.

तत्कालीन जांच अधिकारी इंस्पेक्टर प्रभाकर ने राजेश को गिरफ्तार कर लिया. हैरानी की बात यह रही कि पुलिस को न तो महिला का शव मिला और न ही कोई ठोस भौतिक सबूत मिला. इसके बावजूद कथित गवाहों के बयान और स्वीकारोक्ति के आधार पर चार्जशीट दाखिल कर दी गई. राजेश को दो से ढाई साल तक जेल में रहना पड़ा. बाद में उसे जमानत मिली.

वकीलों की जांच से सामने आया सच

जमानत मिलने के बाद भी राजेश लगातार खुद को बेगुनाह बताता रहा. उसके वकील नटेश और विश्वनाथ ने अपने स्तर पर जांच शुरू की. काफी प्रयासों के बाद उन्हें मंजू नागमंगला तालुक के बिंदिगणविले इलाके में अपने पति के साथ रहती हुई मिल गई.

वकीलों की सूचना पर पुलिस ने मंजू को सुरक्षित केंद्र में रखा और उसका बयान दर्ज किया. मंजू ने साफ कहा कि वह राजेश को जानती तक नहीं है और उसके खिलाफ दर्ज हत्या का मामला पूरी तरह गलत है. उसने कहा कि उसे इस केस की जानकारी भी नहीं थी.

अब होगी पुलिस जांच

महिला के जिंदा मिलने के बाद राजेश और उसके परिवार ने झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों तथा मामले की जांच करने वाले सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर प्रभाकर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मांड्या की पुलिस अधीक्षक डॉ. शोभरानी ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए डीएसपी स्तर की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. अब जांच रिपोर्ट से यह पता चलेगा कि बिना शव और पर्याप्त सबूत के हत्या का मामला कैसे दर्ज हुआ और एक निर्दोष युवक को वर्षों तक जेल में क्यों रहना पड़ा.

यह भी पढ़ें | कर्नाटक को मिली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, बेंगलुरु में PM मोदी ने 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka News, Mandya News, Karnataka Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com