India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच होने वाले ट्रेड डील को लेकर जल्द अच्छी खबर मिल सकती है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर ज्यादातर मुद्दों का समाधान हो चुका है. कुछ मुद्दों पर बातचीत अभी जारी है और समझौता जल्द ही अंतिम रूप ले सकता है. उन्होंने कहा कि बातचीत अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गई है.
ट्रेड डील पर कहां तक पहुंची बातचीत?
एचटी लीडरशिप समिट में एक सत्र के दौरान जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है. ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है. कुछ मुद्दे अभी बाकी हैं, जिन पर दोनों पक्ष बातचीत कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में बची हुई चिंताएं भारत की तरफ से नहीं हैं, बल्कि अमेरिकी पक्ष की ओर से ज्यादा बदलाव हुए हैं. जयशंकर के मुताबिक, दोनों देशों को ऐसा रास्ता निकालना होगा जो सभी के लिए स्वीकार्य हो. विदेश मंत्री ने भरोसा जताया कि समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बातचीत के आखिरी दौर में सभी पक्षों का अधीर होना स्वाभाविक है, लेकिन थोड़ा और धैर्य रखने की जरूरत है.
मोदी-ट्रंप की मुलाकात में हो सकता है बड़ा ऐलान
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिसंबर में अमेरिका में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है. सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात भी हो सकती है. ऐसी अटकलें हैं कि दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान ट्रेड डील पर हुई प्रगति की समीक्षा हो सकती है. माना जा रहा है कि इस बैठक से समझौते को लेकर कोई अहम संकेत मिल सकता है. इससे पहले पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मुंबई में कहा था कि दोनों देश ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के काफी करीब हैं.
क्या है भारत-अमेरिका ट्रेड डील का मकसद?
भारत और अमेरिका साल 2025 की शुरुआत से प्रस्तावित ट्रेड डील पर बातचीत कर रहे हैं. इसका मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच ट्रेड को आसान बनाना है. इसके तहत आयात शुल्क यानी टैरिफ से जुड़े मतभेद दूर करने, गैर-शुल्क बाधाओं को कम करने और एक-दूसरे के बाजारों में पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हो रही है. भारत चाहता है कि उसके प्रोडक्ट्स को अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम शुल्क पर प्रवेश मिले. इससे भारतीय कंपनियों और निर्यातकों को फायदा हो सकता है. जयशंकर ने कहा कि भारत के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि व्यापार समझौता संतुलित और दोनों देशों के हित में हो. उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार है और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी है. ऐसे में उसके साथ व्यापार समझौता होने से भारत को फायदा मिल सकता है.
भारत को क्यों है संतुलित समझौते की उम्मीद?
जयशंकर ने कहा कि भारत पहले भी कई एशियाई अर्थव्यवस्थाओं के साथ फ्री ट्रेड डील (FTA) कर चुका है. हालांकि, इनमें से कुछ समझौतों से जितने फायदे की उम्मीद थी, उतना लाभ नहीं मिल पाया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ट्रेड डील्स को लेकर ज्यादा सोच-विचार किया है. अब किसी भी समझौते का आर्थिक और रणनीतिक नजरिये से भी आकलन किया जाता है. विदेश मंत्री के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच भी ऐसा ही समझौता होना चाहिए, जिससे दोनों देशों को लंबे समय तक फायदा मिले. उन्होंने संकेत दिया कि शुल्क से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से बातचीत की जा चुकी है और दोनों देश अब समझौते के अंतिम पड़ाव पर हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं