न्यूजीलैंड अभी भारत के खिलाफ क्राइस्टचर्च में दो मैचों की सीरीज का दूसरा मैच खेल रही है. इस सीरीज के बाद ब्लैक कैप्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज न सिर्फ इन दोनों टीमों के लिए बल्कि भारत के लिए भी अहम है. हालांकि, इस सीरीज की शुरुआत से पहले एक खबर ने सभी को चौंका दिया है. रिपोर्ट्स हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले के लिए दिग्गज नाथन लियोन को ड्रॉप करने जा रही है.
टेस्ट क्रिकेट में खेल रहे मौजूदा खिलाड़ियों में लियोन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. हालांकि, हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेबेरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में उन्हें टीम से बाहर रखा गया था. ऑस्ट्रेलिया ने केवल तेज गेंदबाज़ों को उतारने का फैसला किया था. इस बात की संभावना है कि पर्थ स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी वे इसी तरह का संतुलन अपना सकते हैं.
'कोड स्पोर्ट्स' की रिपोर्ट के अनुसार, पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच में लियोन का खेलना मुश्किल है. हालांकि, चार मैचों की इस सीरीज में वे आगे चलकर टीम में वापसी कर सकते हैं. हाल ही में 'कायो स्पोर्ट्स' के एक पॉडकास्ट में लियोन ने टेस्ट टीम में अपने अनिश्चित भविष्य को लेकर खुलकर बात की. लियोन ने कहा, "मुझे लगता है कि आजकल जिस तरह से क्रिकेट खेला जा रहा है और दुनिया भर में कुछ कप्तानों द्वारा जिस तरह से कप्तानी की जा रही है, उसमें पिचें तेज गेंदबाजों के ज्यादा अनुकूल होती हैं."
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने कहा,"मुझे लगता है कि स्पिन गेंदबाजी की कला... मैं ऐसा कहना तो नहीं चाहता, लेकिन मुझे लगता है कि यह कला धीरे-धीरे खत्म हो रही है. मैं स्पिन गेंदबाजी को आगे बढ़ाने के लिए अपना प्रयास जारी रखूंगा. आपकी टीम और गेंदबाजी आक्रमण में विविधता होनी चाहिए, और इसमें स्पिन की बहुत बड़ी भूमिका होती है." उन्होंने आगे कहा, "मैंने 143 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन अब मुझे फिर से वैसा ही महसूस हो रहा है जैसा अपने शुरुआती 40 टेस्ट मैचों के दौरान होता था. वही अनिश्चितता—क्या मुझे चुना जाएगा? टीम में मेरी भूमिका क्या होगी?"
यह पिछले आठ टेस्ट मैचों में यह तीसरी बार था जब लियोन उपलब्ध तो थे, लेकिन उन्हें एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने के लिए टीम से बाहर रखा गया. 2013 के बाद से पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ जमैका टेस्ट तक, ऐसा कभी नहीं हुआ था कि लियोन फिट होने के बावजूद कोई टेस्ट मैच न खेले हों. इन तीन मैचों में से गेबेरहा वाला मैच पहला रेड-बॉल टेस्ट था, जबकि बाकी दो पिंक-बॉल डे-नाइट मैच थे.
वहीं केप टाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टेस्ट के बाद मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड से पूछा गया कि क्या नंबर 1 स्पिनर के रूप में लायन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी? इस पर उन्होंने कहा,"मुझे नहीं लगता कि अभी इस पर फिर से विचार करने की ज़रूरत है. मुझे लगता है कि हमें थोड़ा रुकना चाहिए और शील्ड क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए. नाथन पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच की तैयारी करेंगे."
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में हाल ही में खेले गए शेफ़ील्ड शील्ड मैच में, लायन ने चार विकेट लिए, जबकि क्वींसलैंड के लेग-स्पिनर मिशेल स्वेपसन ने 11 विकेट चटकाए. हाल ही के राउंड में, पर्थ स्टेडियम में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और तस्मानिया के बीच शेफ़ील्ड शील्ड मैच खेला गया. इस मैच में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ऑफ-स्पिनर कोरी रोचिकोली ने छह विकेट लिए और अपने करियर का पहला फ़र्स्ट-क्लास शतक भी लगाया. वहीं, पहली पारी में बाएं हाथ के स्पिनर मैट कुहनेमैन ने 37.5 ओवर में 88 रन देकर 3 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे, 32 साल पुराने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की
यह भी पढ़ें: सेमीफाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर श्रीलंका ने कटाया एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल का टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं