- राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शिवसेना (यूबीटी) के होते हुए भी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ की है.
- संजय राउत ने योगी को एक सक्षम नेता और हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया है.
- उन्होंने कहा कि अगर योगी नहीं होंगे तो यूपी भी नहीं होगा, यह बयान यूपी चुनाव से पहले चर्चा में आया है.
अपने बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले राज्यसभा सांसद संजय राउत फिर चर्चा में है. उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ की है. विरोधी खेमे से होने के बाद भी उन्होंने सीएम योगी को काबिल आदमी और हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया. उनके इस बयान ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. संजय राउत पिछले कुछ समय में लगातार बीजेपी पर हमलावर रहे हैं, लेकिन लंबे समय बाद ऐसा मौका दिखा है, जब उन्होंने बीजेपी नेता की खुलकर तारीफ की है.
योगी नहीं तो यूपी भी नहीं: संजय राउत
संजय राउत ने कहा 'अगर योगी जी ने खुद को सीएम चेहरे के तौर पर पेश किया है, तो यह तारीफ के काबिल है. वे एक सक्षम व्यक्ति हैं और हम भी योगी जी को पसंद करते हैं. योगी जी हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो सबसे ऊपर हैं और अगर योगी नहीं तो यूपी भी नहीं. अगर योगी जी ने ऐसा कहा है तो उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बहुमत हासिल करेगी और चुने गए विधायकों में से ज्यादातर उनका समर्थन करेंगे. योगी जी को पूरा भरोसा है कि उन्हें यूपी में बहुमत मिलेगा और उस बहुमत में सबसे ज्यादा विधायक योगी जी का समर्थन करने वाले होंगे. क्योंकि विधायक दल ही अपने नेता को मुख्यमंत्री के तौर पर चुनता है.'
संजय राउत पहले भी कर चुके हैं योगी की तारीफ
संजय राउत का यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि शिवसेना (UBT) इंडिया गठबंधन का हिस्सा है, जो बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है. इसके बावजूद राउत ने योगी की तारीफ में कोई कसर नहीं छोड़ी. इसके अलावा यह कोई पहला मौका नहीं है, जब संजय राउत ने सीएम योगी की तारीफ की हो. इसे पहले भी 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद राउत ने कहा था कि लोकतंत्र में उन लोगों की तारीफ करनी चाहिए, जिन पर लोग विश्वास करते हैं, एक बार उन्होंने सीएम योगी को अपना अच्छा दोस्त बताया था.
यूपी में चुनावी हलचल तेज
यूपी में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज हो गई है. इस बीच योगी आदित्यनाथ यूपी के सीएम के तौर पर 10 साल पूरे कर चुके हैं. 2017 में वह पहली बार सीएम बने थे, जबकि 2022 में दोबारा से सीएम चुने गए थे. एक तरफ बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, तो दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भी तैयारियों में जुटी है. ऐसे में राउत का यह बयान इंडिया गठबंधन के अंदर भी चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ेंः परीक्षा सुधार में उत्तर प्रदेश का मॉडल पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल: CM योगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं