- सुप्रीम कोर्ट में संविधान दिवस कार्यक्रम, लोकतंत्र और संस्थाओं पर CJI का संबोधन
- CJI ने लोकतांत्रिक संवाद और जवाबदेही पर दिया जोर
- संविधान सिर्फ किताब नहीं, लोगों का विश्वास है: CJI सूर्यकांत
संविधान दिवस के मौके पर सुप्रीम कोर्ट में आयोजित समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने संवैधानिक मूल्यों, संस्थागत जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक विमर्श पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि संविधान केवल उसके प्रावधानों और शक्तियों के बंटवारे से नहीं, बल्कि इस बात से आंका जाना चाहिए कि उसका आम लोगों के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता है. CJI ने न्यायपालिका सहित सभी संस्थानों से संयम बरतने, पारस्परिक सम्मान बनाए रखने और नागरिकों के हितों को शासन व्यवस्था के केंद्र में रखने की अपील की.
'संविधान की रक्षा हर पीढ़ी की जिम्मेदारी'
संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए CJI सूर्यकांत ने कहा कि संविधान हर पीढ़ी पर इसे समझने, इसकी रक्षा करने और इसे प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी डालता है. उन्होंने कहा कि अक्सर संविधान को उसके प्रावधानों, शक्तियों के विभाजन और संस्थागत संरचनाओं के आधार पर समझा जाता है, लेकिन अंततः इसकी वास्तविक कसौटी यह है कि आम लोगों के लिए इसका क्या अर्थ है.
उन्होंने कहा कि हर संस्था को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अन्य संस्थाओं के अधिकारों और दायित्वों का सम्मान करते हुए करना चाहिए. इस पूरी प्रक्रिया में नागरिक हमेशा केंद्र में रहने चाहिए.
'असहमति लोकतंत्र की ताकत; न्यायपालिका को लगातार अर्जित करना होगा भरोसा'
CJI सूर्यकांत ने कहा कि न्यायपालिका का दायित्व है कि वह तर्कों को सुने, विभिन्न विचारों पर विचार करे और अपने निर्णयों को सिद्धांत आधारित तर्कों पर आधारित रखे. उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकार संवैधानिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण विशेषता है, लेकिन जनता का विश्वास स्वतः नहीं मिलता. इसे निरंतर अपने कार्य और निर्णयों के माध्यम से अर्जित करना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि एक मजबूत बार (वकील समुदाय) को सवाल पूछने, चुनौती देने और असहमति व्यक्त करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए. इसी तरह आत्मविश्वास से भरी संस्थाओं में इतनी क्षमता होनी चाहिए कि वे आलोचना से संवाद करें और हर असहमति को अपनी सत्ता या अधिकार के लिए चुनौती न मानें.
राजनीतिक एजेंडे से संस्थानों पर हमले पर टिप्पणी, जवाबदेही और लोकतांत्रिक संवाद पर जोर
CJI सूर्यकांत ने कहा कि संस्थानों पर होने वाली आलोचना ईमानदारी, मर्यादा और संवैधानिक प्रक्रियाओं के सम्मान से प्रेरित होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी संस्था पर केवल इसलिए हमला नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि किसी विशेष मामले में उसका निर्णय किसी व्यक्ति या समूह के अनुकूल नहीं रहा. संस्थानों को राजनीतिक एजेंडे या व्यक्तिगत लाभ के लिए निशाना बनाना उचित नहीं है. मुख्य न्यायाधीश ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि जवाबदेही और आलोचना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन इनका उद्देश्य संस्थाओं को कमजोर करना नहीं बल्कि व्यवस्था को बेहतर बनाना होना चाहिए.
यह भी पढ़ें : 'नक्सलवाद खत्म लेकिन विकास को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे दिमागी नक्सल', संविधान दिवस पर PM मोदी को संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं