विज्ञापन

MI vs LSG: मुंबई इंडियंस ने किए 3 बड़े कमाल, फिर भी इतना बुरा हाल, प्लेऑफ का ऐसा है समीकरण

Mumbai Indians Playoff Scenario, IPL 2026: मुंबई इंडियंस का मौजूदा नेट रन रेट -0.649 है, जो काफी खराब है. एनडीटीवी स्पोर्ट्स के मुताबिक, 14 अंकों पर पेंच फंसने की स्थिति में बेहतर रन रेट ही उन्हें टॉप-4 में जगह दिला सकता है

MI vs LSG: मुंबई इंडियंस ने किए 3 बड़े कमाल, फिर भी इतना बुरा हाल, प्लेऑफ का ऐसा है समीकरण
Mumbai Indians Playoff Scenario, IPL 2026:

Mumbai Indians Playoff Scenario, IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हराकर भले ही अपनी प्लेऑफ की मामूली उम्मीदों को जिंदा रखा हो, लेकिन टीम की स्थिति अब भी 'चिंताजनक' बनी हुई है. इस मैच में मुंबई ने एक-दो नहीं बल्कि तीन बड़े ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए, मगर विडंबना देखिए कि इतने शानदार प्रदर्शन के बाद भी पांच बार की चैंपियन टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें पायदान पर खड़ी है और टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद मुंबई इंडियंस (MI) की प्लेऑफ की उम्मीदें आंकड़ों के लिहाज से अभी भी जिंदा हैं, लेकिन डगर बेहद कठिन और लगभग 'चमत्कार' पर निर्भर है. मुंबई को अपने बाकी बचे 4 मैच (RCB, PBKS, KKR, और RR के खिलाफ) हर हाल में और बड़े अंतर से जीतने होंगे. इससे टीम अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच पाएगी.

आईपीएल इतिहास का छठा सबसे बड़ा रन चेज

मुंबई इंडियंस ने लखनऊ द्वारा दिए गए 229 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल कर आईपीएल इतिहास का छठा सबसे बड़ा 'सफल रन चेज' पूरा किया. 229 रनों का यह टारगेट वानखेड़े जैसे मैदान पर भी पहाड़ जैसा था, लेकिन रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की आंधी ने इसे बौना साबित कर दिया. मुंबई अब इस लिस्ट में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों के साथ खास क्लब में शामिल हो गई है, जिन्होंने हाल के वर्षों में बड़े लक्ष्यों का पीछा कर जीत दर्ज की है.

200+ रनों का पीछा करने में मुंबई का दबदबा

इस मैच की जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक रनों के लक्ष्य का पीछा करने वाली संयुक्त रूप से दूसरी सबसे सफल टीम बन गई है. मुंबई ने अब तक 7 बार यह कारनामा किया है. इस लिस्ट में पंजाब किंग्स 11 बार के साथ शीर्ष पर है. यह आंकड़ा दर्शाता है कि जब बात बड़े स्कोर को हासिल करने की आती है, तो मुंबई की बल्लेबाजी यूनिट कितनी घातक हो सकती है, हालांकि इस सीजन में उनकी यह ताकत बहुत देर से दिखी है.

छक्कों की बारिश और संयुक्त रूप से तीसरा बड़ा रिकॉर्ड

लखनऊ के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाजों ने मैदान के हर कोने में छक्के जड़े. इस पारी में मुंबई की ओर से कुल 17 छक्के लगाए गए, जो एक पारी में मुंबई इंडियंस द्वारा लगाए गए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले 2024 में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 20 और 2025 में गुजरात के खिलाफ 17 छक्के जड़े थे. रोहित (7 छक्के) और रिकेल्टन (8 छक्के) की जोड़ी ने अपनी 143 रनों की तूफानी ओपनिंग साझेदारी के दौरान छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि लखनऊ के गेंदबाज हल्के नजर आए.

3 महारिकॉर्ड के बावजूद प्लेऑफ की राह मुश्किल

हैरानी की बात यह है कि एक ही मैच में इतने बड़े कारनामे करने के बावजूद मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में 10 मैचों में केवल 3 जीत के साथ नौवें नंबर पर है. 6 अंकों के साथ टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. भले ही रोहित शर्मा और रिकेल्टन के अर्धशतकों ने टीम को नॉकआउट की रेस में 'सांसें' दी हैं, लेकिन अब यहां से हर मैच जीतने के साथ-साथ मुंबई को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा. मुंबई का मौजूदा नेट रन रेट -0.649 है, जो काफी खराब है. एनडीटीवी स्पोर्ट्स के मुताबिक, 14 अंकों पर पेंच फंसने की स्थिति में बेहतर रन रेट ही उन्हें टॉप-4 में जगह दिला सकता है दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स लगातार छठी हार के बाद 10वें पायदान पर सिमट गई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com