विज्ञापन

खौफनाक VIDEO: उड़ता प्लेन सीधा बिल्डिंग में घुस गया, ब्राजील की दिल दहलाने वाली घटना ने 9/11 हमले की याद दिला दी

Brazil plane crashed into Building: ब्राजील में हुए इस प्लेन हादसे में पायलट और को-पायलट समेत तीन लोगों की मौत हो गई. खास बात थी कि जिस बिल्डिंग में प्लेन क्रैश हुआ, वहां कोई भी घायल नहीं हुआ.

खौफनाक VIDEO: उड़ता प्लेन सीधा बिल्डिंग में घुस गया, ब्राजील की दिल दहलाने वाली घटना ने  9/11 हमले की याद दिला दी
Brazil plane crashed into Building: ब्राजील में हुआ प्लेन हादसा

Brazil plane crashed into Building: ब्राजील के बड़े शहर बेलो होरिजोंटे में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने दिखने में अमेरिका में हुए 9/11 हमले की याद दिला दी. ब्राजील में एक छोटा प्लेन अचानक एक रिहायशी इमारत से टकरा गया. कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया- धुआं, आग और चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा. इस हादसे में कम से कम 3 लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए. अगर विमान थोड़ा भी अलग दिशा में जाता, तो नुकसान और ज्यादा हो सकता था.

ब्राजील में हुआ क्या?

सोमवार को ब्राजील के बड़े शहर बेलो होरिजोंटे में एक छोटा विमान एक रिहायशी इमारत से टकरा गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार मिनास जेराइस राज्य के फायर विभाग ने बताया कि पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई. विमान में मौजूद तीन अन्य लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

स्थानीय हॉस्पिटल फाउंडेशन के अनुसार, घायलों में से एक व्यक्ति की बाद में मौत हो गई, जबकि बाकी दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है. फायरफाइटर्स ने बताया कि विमान सीधे इमारत से टकराया, लेकिन इसके बावजूद इमारत के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी और इमारत गिरने का कोई “स्पष्ट खतरा” नहीं है. टीवी ग्लोबो चैनल के हेलीकॉप्टर ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया. इसमें देखा गया कि विमान धीरे-धीरे नीचे आ रहा था, फिर ऊंची इमारतों से बचने के लिए बाईं ओर मुड़ा और अंत में तीन मंजिला इमारत से टकराकर पार्किंग में गिर गया.

फायरफाइटर्स ने बताया कि विमान इमारत की सीढ़ियों वाले हिस्से (स्टेयरवेल) से टकराया, जिससे ज्यादा लोगों की जान बच सकी. फायर विभाग के एक अधिकारी ने जी1 न्यूज वेबसाइट से कहा, “अगर विमान इमारत के किनारे से टकराता, तो यह किसी ऐसे फ्लैट में जा सकता था जहां लोग मौजूद होते.” फायरफाइटर्स द्वारा जारी तस्वीरों में देखा गया कि बचावकर्मी इमारत के लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद कर रहे हैं.

एरोनॉटिकल एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंशन सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, ब्राजील में साल 2025 में कुल 153 हवाई हादसे हुए, जिनमें 62 लोगों की मौत हुई.

यह भी पढ़ें: अमेरिका में लैंडिंग करते वक्त प्लेन खंभे और ट्रक से टकराया, हलक में थी 231 लोगों की जान- VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com