Lucknow Super Giants vs Punjab Kings IPL 2026: लगातार छह मैच में हार से आहत पंजाब किंग्स की टीम को इस निराशा को भुलाकर इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी धुंधली उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए शनिवार को होने वाले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी. पंजाब ने अपने पहले छह मैच जीते थे लेकिन 25 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिकॉर्ड 265 रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद से उसका अभियान नाटकीय रूप से चरमरा गया. पिछली बार की उपविजेता टीम पंजाब किंग्स पहले सात मैचों में छह जीत के साथ खिताब की असली दावेदार लग रही थी लेकिन लगातार छह हार झेलने के कारण उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अधर में लटक गई हैं.
पंजाब के प्लेऑफ की उम्मीद धुंधली
अब पांचवें स्थान पर काबिज पंजाब को न केवल शनिवार को अपने अंतिम लीग मैच में लखनऊ को हराना होगा, बल्कि प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए रविवार के दो मैचों (मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) बनाम दिल्ली कैपिटल्स) के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा. श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम चाहेगी कि राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स दोनों ही अपने-अपने मैच हार जाएं.
लखनऊ जीत के साथ करना चाहेगी अलविदा
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स हैं. लखनऊ की कोशिश इस मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट को अलविदा कहने और पंजाब का खेल बिगाड़ने की होगी. लखनऊ के पास खोने को कुछ नहीं है, लेकिन वह पंजाब को जरूर अपने साथ डुबो सकती है.
पंजाब को लंबे समय से चले आ रहे खराब प्रदर्शन के बाद अपनी फॉर्म को फिर से हासिल करने की जरूरत है. उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली की सत्र की शुरुआत की तरह आक्रामक होकर नहीं खेल पा रहे हैं.
फ्लॉप हो रहा पंजाब का टॉप ऑर्डर
प्रियांश ने अपनी पिछली सात पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक बनाया है और वह पिछले मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे. प्रभसिमरन भी अपनी प्रदर्शन में निरंतरता लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने भी अपनी पिछली पांच पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है. कोनोली अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में असफल रहे हैं. कप्तान अय्यर का प्रदर्शन भी इस दौरान अच्छा नहीं रहा. वह छह मैच में केवल एक बार ही पचास रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं. उसका मध्य क्रम भी नहीं चल पा रहा है जबकि उसकी फील्डिंग भी काफी खराब रही है.
इंग्लिश-मार्श की जोड़ी से लखनऊ को उम्मीद
जहां तक लखनऊ का सवाल है तो इस सत्र में उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. वह पिछले 10 मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल करने के बाद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गया है. लखनऊ ने अपने घरेलू स्टेडियम में हाल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था और उसकी टीम इसी प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी. पिछले कुछ मैचों में लखनऊ के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू शीर्ष क्रम में मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी का शानदार प्रदर्शन रहा है.
ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक आईपीएल में कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान पंजाब ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि लखनऊ ने 3 मैच जीते हैं. जबकि इकाना में पंजाब का रिकॉर्ड 2-1 का है.
पिच रिपोर्ट
लखनऊ में एक बार फिर गर्म दिन रहेगा. दिन में तापमान 40 डिग्री तक रह सकता है. सीज़न की ज़्यादा बॉलर-फ्रेंडली जगहों में से एक हैं. हालांकि, बेंगलुरु और चेन्नई के खिलाफ मैच में बल्लेबाजों को मदद मिली थी. शुरुआत में पेसरों को कुछ मदद मिलने की उम्मीद है. आईपीएल 2025 के बाद से यहां चेज़ करने वाली टीमों ने 13 में से 9 मैच जीते हैं.
दोनों टीमों की संभावित XII
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बराड़, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल/विजयकुमार वैशाख
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, आयुष बदोनी, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी.
यह भी पढ़ें: Virat Kohli vs Travis Head: पहले तू-तू मैं-मैं...फिर नहीं मिलाया हाथ, ट्रेविस हेड की किस बात से भड़के विराट कोहली?
यह भी पढ़ें: SRH vs RCB: छक्कों की 'स्पीड' में रजत पाटीदार का तूफानी रिकॉर्ड, क्रिस गेल को पीछे छोड़ा मचाई खलबली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं