कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में बुधवार तड़के क्रिकेट कनाडा के नए अध्यक्ष अरविंदर खोसा के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई है. जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 4:40 बजे कुछ अज्ञात हमलावरों ने न्यूटन इलाके में स्थित उनके घर को निशाना बनाया. घर के दरवाजे, खिड़कियों और बाहरी हिस्से पर गोलियों के कई निशान मिले हैं.
उस वक्त घर के अंदर लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात ये रही कि किसी को चोट नहीं आई. सरे पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला रंगदारी यानी एक्सटॉर्शन से जुड़ा लग रहा है. फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है.
9 अप्रैल को चुने गए अध्यक्ष
अरविंदर खोसा हाल ही में क्रिकेट कनाडा के अध्यक्ष चुने गए थे. 9 अप्रैल को एक विशेष बैठक में चुनाव कराया गया था, जिसका आदेश ब्रिटिश कोलंबिया सुप्रीम कोर्ट ने दिया था. खोसा अभी भी क्रिकेट बीसी के अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं.
पहले क्रिकेट कनाडा पर लगे फिक्सिंग के आरोप
इस घटना के बाद क्रिकेट कनाडा एक बार फिर विवादों में आ गया है. पिछले महीने कनाडा के चर्चित कार्यक्रम फिफ्थ एस्टेट की एक जांच रिपोर्ट में क्रिकेट कनाडा पर भ्रष्टाचार, संगठित अपराध से जुड़े लोगों के प्रभाव और मैच फिक्सिंग जैसी गंभीर आशंकाओं का खुलासा किया गया था. हालांकि जिन लोगों पर आरोप लगे, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है.
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया था कि अरविंदर खोसा का संपर्क कुछ ऐसे स्थानीय खिलाड़ियों से था, जो खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) से जुड़ा बताते थे. आरोप था कि इन लोगों ने 2025 में कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के एक खिलाड़ी को धमकी दी थी. खोसा ने पहले इन आरोपों को खारिज किया थ. अब उनके घर पर हुई फायरिंग के बाद इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें- BKI और लॉरेंस बिश्नोई गैंग टेरर कॉन्सपिरेसी केस, NIA ने 23वें आरोपी के खिलाफ दायर की चार्जशीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं