इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने द हंड्रेड 2026 में शानदार पारी के साथ कमाल कर दिया है. उन्होंने 50 रन की पारी के साथ टी20 क्रिकेट में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए बटलर ने सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 50 रन ठोक दिए और अपनी टीम को वेल्श फायर के खिलाफ आसान जीत दिलाई.
156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने महज 69 गेंदों में 161/1 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. बटलर की पारी में 2 चौके और 6 छक्के देखने को मिले. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 255 का रहा. उन्होंने टिम सिफर्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की. बटलर ने मार्को यानसेन को लगातार तीन छक्के लगाए, जबकि मैच का अंत लॉकी फर्ग्यूसन को लगातार दो छक्के जड़कर किया.
T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
बटलर ने इस पारी के साथ कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही बटलर ने टी20 करियर में अपना 106वां अर्धशतक भी पूरा किया. उनके नाम अब 9 शतक और 106 अर्धशतक दर्ज हैं. इस मैच में बटलर ने टी20 क्रिकेट में 650 छक्कों का आंकड़ा भी छू लिया. वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के सिर्फ पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं.
- जोस बटलर: 522 मैच, 492 पारियां, 14,833 रन
- कीरोन पोलार्ड: 746 मैच, 663 पारियां, 14,803 रन
- क्रिस गेल: 14,562 रन
- एलेक्स हेल्स: 14,449 रन
650+ टी20 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल- 1056
- कीरोन पोलार्ड- 1001
- आंद्रे रसेल- 792
- निकोलस पूरन- 773
- जोस बटलर- 650
द हंड्रेड 2026 में शानदार फॉर्म
द हंड्रेड 2026 में जोस बटलर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं. सीजन के पहले मैच में 16 रन बनाने के बाद उन्होंने लगातार दमदार पारियां खेलीं और 90, 63*, 55*, 2 तथा 51* रन के स्कोर दर्ज किए. छह मैचों में बटलर 277 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 92.33 और स्ट्राइक रेट 178.70 का रहा है, जो उनकी अटैकिंग बल्लेबाजी का प्रमाण है.
द हंड्रेड के इतिहास में भी बटलर का रिकॉर्ड शानदार रहा है. वह अब तक टूर्नामेंट में 1,192 रन बना चुके हैं और उनका औसत 45.84 का है. उनके नाम 12 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उन्होंने 97 चौके और 58 छक्के लगाए हैं. वेल्श फायर के खिलाफ खेली गई उनकी नाबाद 50 रन की पारी ने न सिर्फ मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को जीत दिलाई, बल्कि उन्हें टी20 क्रिकेट के इतिहास का सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज भी बना दिया.
ये भी पढ़ें- Love Story: 7वीं क्लास में देखा और दिल हार बैठे अश्विन, किसी फिल्म से कम नहीं है लव स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं