कहते हैं कि अगर मोहब्बत सच्ची हो तो वक्त और दूरी भी उसे मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकते. टीम इंडिया के महान स्पिनर आर अश्विन और प्रीति नारायण की लव स्टोरी भी कुछ ऐसी ही है. स्कूल की क्लास में शुरू हुई दोस्ती आज खेल जगत की सबसे खूबसूरत जोड़ियों में गिनी जाती है. आर अश्विन और प्रीति नारायण एक ही स्कूल में पढ़ते थे. जब अश्विन सातवीं कक्षा में थे, तभी उन्होंने पहली बार प्रीति को देखा और उन्हें पसंद करने लगे. दोस्तों के बीच भी यह बात छिपी नहीं थी कि अश्विन के दिल में प्रीति के लिए खास जगह है. हालांकि, क्रिकेट में बढ़ते करियर की वजह से अश्विन को स्कूल बदलना पड़ा और दोनों अलग हो गए.
दूरी बढ़ी, लेकिन रिश्ता कभी नहीं टूटा
स्कूल बदलने के बाद भी अश्विन और प्रीति समय-समय पर बात करते रहे और दोस्ती पहले से ज्यादा मजबूत होती गई. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन दिलचस्प बात ये है कि दोनों में से किसी ने भी अपने दिल की बात खुलकर नहीं कही. कॉलेज खत्म होने के बाद दोनों की राहें भी अलग हो गईं. अश्विन क्रिकेट में अपना करियर बनाने में जुट गए, जबकि प्रीति इवेंट मैनेजमेंट की दुनिया में आगे बढ़ीं.
आईपीएल ने फिर मिलाया, मैदान पर किया प्रपोज
स्कूल के दिनों के बाद किस्मत ने दोनों को एक बार फिर आईपीएल के दौरान मिलाया. उस समय अश्विन चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे, जबकि प्रीति टीम के सोशल मीडिया से जुड़ा काम संभाल रही थीं. वर्षों बाद दोबारा साथ काम करने का मौका मिला और इसी दौरान अश्विन ने तय कर लिया कि अब अपने प्यार का इजहार कर ही देंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहली मुलाकात के करीब एक दशक बाद अश्विन ने एक टीम इवेंट के दौरान प्रीति को प्रपोज किया. प्रीति ने भी बिना देर किए उनके प्यार को स्वीकार कर लिया.
अश्विन और प्रीति ने 2011 में की शादी
लंबे समय तक चले इस खूबसूरत रिश्ते को दोनों ने 2011 में शादी का नाम दिया. शादी के बाद उनकी जिंदगी में दो बेटियों ने खुशियां बढ़ाईं. अश्विन और प्रीति आज दो बेटियों के माता-पिता हैं. बड़ी बेटी आखिरा का जन्म 2015 में हुआ और छोटी बेटी आध्या का जन्म दिसंबर 2016 में हुआ. रविचंद्रन अश्विन चेन्नई में एक सादगी भरी जिंदगी जीते हैं. वे अपनी क्रिकेट सफलता के साथ-साथ परिवार, खेल की गहरी समझ और महंगी चीजों के बीच तालमेल बिठाकर चलते हैं.
ये भी पढ़ें- मिस इंडिया फाइनलिस्ट और करोड़ों में नेटवर्थ, क्या करती हैं अर्शदीप की गर्लफ्रेंड समरीन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं