जो लोग शहर में रहते हैं और सालों से किराए के मकान में रह रहे हैं और घर बनाने का सपना देख रहे हैं. उनके लिए अच्छी खबर है. केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना 2.O (PMAY) को लागू करने की तैयारी की जा रही है. इस योजना में सरकार ने शहरी गरीब और मिडिल क्लास परिवार को अपना घर बनवाने, नया घर खरीदने या किराए पर लेने के लिए ज्यादा आर्थिक प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया है. इसके लिए सरकार 10 लाख करोड़ का प्लान तैयार कर रही है.
पीएम आवास योजना 2.O के तहत 10 लाख करोड़ के बड़े इनवेस्टमेंट का प्लान तैयार किया गया है. इसका लक्ष्य 1 करोड़ शहरी परिवारों को पक्का मकान का फायदा देना है.
कैसे मिलेगा फायदा?
योजना को 4 कैटगरी में लागू किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति अपनी जरूरत के मुताबिक फायदा मिल सके. इसमें जमीन पर घर बनाने के लिए वित्तीय सहायता, एजेंसी के साथ मिलकर किफायती घर, सस्ते किराए वाले मकान और सब्सिडी पर लोन देने को लेकर प्रावधान किया गया है.
मकान बनाने के लिए 1.5 लाख : जिनके पास अपनी जमीन है लेकिन उनके पास मकान बनाने के लिए पैसे नहीं हैं तो सरकार उस जमीन पर पक्का मकान बनाने के लिए वित्तीय सहायता देगी. इसके तहत पक्का मकान बनाने के लिए पात्र लोगों को 1.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी.
EWS पर 1.5 लाख रुपये सहायता : जिन लोगों के पास अपनी जमीन नहीं है, उन लोगों के लिए सरकार निजी या सार्वजनिक एजेंसियों के साथ मिलकर किफायती घर तैयार करवाएगी. वहीं इसमें प्रति EWS पर 1.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी.
सस्ते दर पर किराए का मकान : यह योजना प्रवासी मजदूरों के लिए है, जो शहर में काम करने आए हैं. उनके पास रेंट देने का भी पैसा नहीं होता है. उन लोगों के लिए बेहद सस्ते किराए वाले मकान का निर्माण सरकार कराएगी.
लोन पर सब्सिडी : सरकार लोन पर सब्सिडी देने का फायदा भी देगी. इसके तहत 8 लाख रुपये के Loan पर 4 फीसदी सालाना ब्याज सब्सिडी मिलेगी. जैसे की अगर आप 8 लाख रुपये लोन लेते हैं तो उसपर 9 प्रतिशत ब्याज लगता है तो उस ब्याज में 4 प्रतिशत ब्याज सरकार सब्सिडी के तौर पर देगी. यानी आपको 5 फीसदी ब्याज पर लोन मिल जाएगा.
किसे मिलेगा फायदा?
यह योजना उन परिवारों के लिए है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनकी सालाना आय 3 लाख रुपये है. इसके अलावा परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर देश में किसी भी हिस्से में पक्का मकान नहीं होना चाहिए. अगर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आपने पक्का मकान बनवाया है तो वह इसके लिए पात्र नहीं होंगे. इसमें आवेदक या उसके परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर पक्का मकान नहीं होना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः
दिल्ली में घर बनाने के क्या हैं नियम और कानून? कहां-कहां लेना होगा NOC, जानें सबकुछ
किराए पर घर देने वाले मकान मालिक हो जाएं सावधान! आ सकता है टैक्स से जुड़ा नोटिस
पुराने मकान को बना रहे हैं PG तो जानें क्या-क्या है जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं