भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में होना है. 19 नवंबर से शुरू होने जा रही यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम है. फाइनल की रेस में बने रहने के लिए टीम इंडिया के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं है. मौजूदा टेस्ट सेटअप का हिस्सा अधिकतर खिलाड़ियों के लिए यह पहला मौका होगा, जब वह वेलिंगटन में खेलेंगे. ऐसे में तेज हवाएं और पिच उनके लिए किसी पहेली की तरह हो सकती हैं.
भारत-न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का तीसरा टी20 और दूसरा वनडे, इस मैदान पर हुए थे, जिससे भारतीय खिलाड़ियों को हवाएं का थोड़ा अंदाजा जरूर लगा होगा. लेकिन पांच दिनों तक चलने वाले रेड बॉल क्रिकेट में यहां की पिच तेजी से बदलती है और यह असल चुनौती पेश कर सकती है. हालांकि, टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के पास यहां खेलने का अनुभव है और उन्होंने गेंदबाजों को यहां पर सफल होने का मंत्र भी दिया है.
तेजी से बदलती है पिच
बेसिन रिजर्व की पिच पर लगभग हमेशा घास रहती है. लेकिन कभी-कभी यह धोखा भी दे सकती है. एक सेशन के बाद ही इसकी सतह काफी समतल हो सकती है. आमतौर पर, शुरुआती दो दिनों तक पिच में काफी जान होती है, जिसकी वजह से टेस्ट मैच की दोनों पारियों में खेल का नजारा बिल्कुल अलग हो जाता है - पहली पारी में कम स्कोर बनते हैं और तेज गेंदबाजों का दबदबा रहता है, जबकि दूसरी पारी में पिच सपाट हो जाती है.
वेलिंगटन दुनिया के सबसे तेज हवा वाले शहरों में से एक है. यहां हवा अक्सर उत्तर-दक्षिण दिशा में चलती है, जिसका मतलब है कि एक छोर से गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों को हवा के विपरीत दौड़ना पड़ता है. यह स्थिति बल्लेबाज़ी और फ़ील्डिंग, दोनों ही टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है.
प्रसिद्ध निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
'द बेसिन' में होने वाले टेस्ट मैचों के दौरान दशकों से तेज गेंदबाजों के लिए चुनौतियां पेश करता रहा है. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मोर्केल खुद इस मैदान पर खेल चुके हैं। वे इस चुनौती को मानते तो हैं, लेकिन इसे कोई बहुत अनोखी बात नहीं मानते. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्केल ने यहां गेंदबाजी की जरूरतों को समझाते हुए कहा,"मुझे उम्मीद है कि हम उस खिलाड़ी की अहमियत समझेंगे जो हवा के विपरीत गेंदबाजी करने जैसा मुश्किल काम करता है. हो सकता है कि उसे हवा के साथ गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज की तरह 5 विकेट न मिलें, लेकिन मुझे लगता है कि उसका योगदान बहुत अहम होगा."
हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संभव है कि प्रसिद्ध कृष्णा को यह जिम्मेदारी दी जाए. मोर्केल जानते हैं कि अगर खिलाड़ी 2027 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी क्षमता से थोड़ा ज्यादा जोर लगाना होगा और अपने 'कंफर्ट ज़ोन' से बाहर निकलना होगा.
मोर्केल ने कहा,"अगर हमें उस फाइनल में पहुंचना है, तो हमें अभी से थोड़ी और कड़ी मेहनत करनी होगी, अपने कंफर्ट ज़ोन से और ज्यादा बाहर निकलना होगा और ऐसी स्थिति में जाना होगा जहां हम शायद पहले कभी नहीं गए हैं." "इसलिए, अगर मौका ऐसा हो या स्थिति ऐसी मांग करे कि किसी गेंदबाज को दो-तीन ओवर एक्स्ट्रा डालने पड़ें, दबाव बनाने की भूमिका निभानी पड़े, या हवा के विपरीत जाकर कड़ी मेहनत करनी पड़े, तो ऐसा करना जरूरी होगा."
बेसिन रिजर्व की पिच तीसरे दिन तक काफी सपाट हो जाने की उम्मीद है, इसलिए मोर्केल ने कहा कि किस लेंथ पर गेंदबाजी करनी है, इसका फैसला "हर सेशन के बाद" लिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा,"हम हमेशा ऐसा ही करते हैं. हम अपनी लेंथ, लाइन और अलग-अलग छोरों से की गई गेंदबाजी के एग्जीक्यूशन का तुरंत रिव्यू करते हैं. हम देखते हैं कि इसमें कैसे सुधार किया जा सकता है और क्या बेहतर किया जा सकता है. फिर, हम उसे लागू करने की कोशिश करते हैं. मुझे लगता है कि यही एक कारण है कि अपने अनुभव और बॉलिंग तकनीक की बदौलत, हम उन चीजों को बहुत अच्छे से पहचान लेते हैं जिन पर काम करने की जरूरत है."
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: 2009 की सुनहरी यादें और 2026 की चुनौती, क्या गंभीर फिर दिलाएंगे न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीत?
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 1st Test: भारत में सुबह 3:30 बजे शुरू होगा मैच, कहां देखें लाइव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं