जब राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में अजित अगरकर का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर समाप्त हुआ था तब भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उम्मीद जताई थी कि इतिहास मुंबई के इस पूर्व तेज गेंदबाज के प्रति अधिक उदार रहेगा. अगरकर ने अपने साहसिक फैसलों से भारतीय क्रिकेट में काफी बदलाव लाने का प्रयास किया था. भारत के मुख्य कोच गंभीर शायद अगरकर की स्थिति को अच्छी तरह समझ सकते हैं. आखिरकार वह भी भारतीय क्रिकेट में अपने हर छोटे-बड़े फैसले को लेकर बारीकी से की जाने वाली समीक्षा से भलीभांति परिचित हैं. देश के सबसे लोकप्रिय खेल में जब भी चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं होतीं तो अक्सर सबसे पहले उन्हें ही निशाने पर लिया जाता है.
गंभीर के पूर्व साथी और करीबी मित्र विजय दहिया ने पीटीआई से बातचीत में कहा,"वह बेहद जुनूनी इंसान हैं. उनके लिए बीच का कोई रास्ता नहीं है. उनके लिए या तो सब कुछ काला है या सफेद." दहिया से पूछा गया था कि क्या मुख्य कोच को सार्वजनिक आलोचना के बीच उचित सम्मान नहीं मिल रहा है.
गंभीर अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर करने के लिए जाने जाते हैं. वह अपने फैसलों का पूरी मजबूती से समर्थन करते हैं. दहिया ने कहा,"जब गौतम दिल्ली या कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे और बाद में मेंटर बने तब भी उनका एक ही लक्ष्य रहता था कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरा किया जाए. लोग उन्हें पर्याप्त श्रेय दें या नहीं, उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती."
वह दौर अब बीत चुका है जब सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ी विभिन्न प्रारूपों में छह से लेकर 10 ओवर तक गेंदबाजी करके मुख्य गेंदबाजों का बोझ कम किया करते थे. गेंदबाजी में इस तरह की विविधता अब भारतीय टीम के पास नहीं है. ऐसे में गंभीर ऐसे टीम संयोजन को प्राथमिकता देते हैं जिसमें बल्लेबाजी क्रम में काफी गहराई हो.
उनके साथ काम करने वाले लोग बताते हैं कि गंभीर जब क्रिकेट देखते हैं तो केवल मैच का आकलन नहीं करते बल्कि रणनीति भी तैयार करते रहते हैं. सितांशु कोटक हों या मोर्ने मोर्कल, गंभीर की मौजूदगी में किसी ना किसी रणनीति पर चर्चा या बहस चलती रहती है. भारत के अभ्यास सत्र के दौरान बेसिन रिजर्व में खड़े गंभीर को शायद पुरानी यादें ताजा हो गई होंगी.
वर्ष 2009 में गंभीर ने न्यूजीलैंड में भारत की पिछली टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने हैमिल्टन में 72, नेपियर में 136 और वेलिंगटन में 167 रन की पारियां खेलकर अपनी जुझारू क्षमता का परिचय दिया था. वह टेस्ट बल्लेबाजी का बेहतरीन उदाहरण था. नेपियर में गंभीर की 12 घंटे तक चली मैच बचाने वाली पारी भारतीय क्रिकेट के यादगार पलों में शुमार है.
अगर मौजूदा भारतीय बल्लेबाजी क्रम बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली सीरीज में उसी जुझारूपन को दोहरा पाता है तो मेहमान टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी संभावनाओं को लेकर नए आत्मविश्वास के साथ स्वदेश लौट सकती है. गंभीर के लिए यह पिछले कुछ समय में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर मिली हार के बाद खुद को साबित करने का एक अवसर भी होगा.
कम समय के अंतराल में न्यूजीलैंड में दो सीरीज (टी20 और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शृंखला) जीतना निश्चित रूप से सराहनीय उपलब्धि होगी. हालांकि, भारत के सबसे कुशल रणनीतिकारों में शामिल गंभीर शायद इस उपलब्धि का जश्न मनाने के बजाय अगली चुनौती पर ध्यान केंद्रित करना पसंद करेंगे जिससे कि कोई चूक नहीं हो. इसका बड़ा कारण उनका गैर पारंपरिक नजरिया और किसी चीज को लेकर उनकी स्पष्ट पसंद-नापसंद है. यही विशेषताएं अक्सर उन्हें कड़ी आलोचना के दायरे में ले आती हैं.
दहिया ने कहा,"अगर उन्हें कोई व्यक्ति बहुत पसंद है तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह किसी दूसरे व्यक्ति को नापसंद करते हैं. मुझे दौड़ना पसंद हो सकता है. क्या इसका मतलब यह है कि मुझे पैदल चलना पसंद नहीं है?"
जिस तरह हर सफलता का श्रेय सबसे पहले और मुख्य रूप से खिलाड़ियों को जाता है, उसी तरह हर विफलता के लिए गंभीर को जिम्मेदार ठहराना भी उचित नहीं है. कई फैसलों में कप्तान शुभमन गिल (टेस्ट और एकदिवसीय) तथा श्रेयस अय्यर (टी20) की भी अहम भूमिका होती है. मौजूदा सीरीज परिस्थितियों और प्रतिद्वंद्वी टीम को देखते हुए भारत के टेस्ट कोच के रूप में गंभीर की सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकती है. हालांकि 2009 के नेपियर और वेलिंगटन की तरह इस बार वह सब कुछ अकेले नहीं कर सकते.
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान की KKR में बदल सकता है मालिकाना ढांचा! 400 मिलियन डॉलर में हुई डील- रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम पर जुर्माना, हर खिलाड़ी की कटेगी मैच फीस, जानें कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं