लॉर्ड्स पर खेले गए 2002 में खेले गए नैटवेस्ट फ़ाइनल और ओमान में 2026 में खेले गए एशिया कप फ़ाइनल के बीच 6000 किलोमीटर और 24 साल का फ़ासला रहा. लेकिन इस फ़ासले को भारत के यंगिस्तान ने पाकिस्तान को मैच के 100वें ओवर की आख़िरी गेंद पर हराकर जैसे एकाएक ख़त्म कर दिया.
एशिया कप की शानदार जीत के बाद अंडर-19 टीम ने करिश्माई जीत वाली दौड़ लगाई और ये तस्वीरें भारत के 140 करोड़ क्रिकेट फ़ैन्स समेत दुनिया भर के क्रिकेट माइंड पर हमेशा के लिए दर्ज हो गईं. ये मज़बूत बेंच भारत के सुनहरे क्रिकेट का इशारा हैं.
कप्तान लक्ष्य के पिता ने किसे दिया श्रेय?
भारत की ऐतिहासिक जीत के फ़ौरन बाद कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के पिता राजेश रायचंदानी ने गोंडा से कहा, “बहुत खुश हूं. लड़कों ने जो जीत हासिल की है वो काबिले तारीफ़ है. बहुत गर्व है हमें. मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता. अंडर19 के लड़कों ने जो जीत हासिल की है सभी को बधाई देता हूं और देश का अभिनंन करता हूं.”
1. भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी
अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य ने फ़ाइनल मैच में एक लीडर वाली पारी खेली. फ़ाइनल में 338 के लक्ष्य का पीछा करते हुए लक्ष्य ने 101 गेंदों पर 5 चौकों के सहारे 80 रन बनाए और जीत की नींव तैयार कर दी.
19 साल के लक्ष्य उत्तराखंड के लिए फ़र्स्ट क्लास या रणजी मैच खेल चुके हैं. वीनू मांकड़ में वो टॉप स्कोरर रह चुके हैं. लक्ष्य के पिता ने 5 साल की उम्र में उन्हें एक बल्ला खिलौने की तरह दिया और बाद में यही बल्ला उनका जुनून बन गया. लक्ष्य के दादा तुलसीदास रायचंदानी एक पूर्व विधायक रह चुके हैं.
कप्तान लक्ष्य ने मैच के बाद कहा, “पाकिस्तान के बड़े स्कोर के बावजूद ओमान की पाटा विकेट पर मुझे पूरा भरोसा था कि हमारी टीम ज़रूर लक्ष्य हासिल कर लेगी.”
2. धुंआधार आर्यवीर सहवाग
18 साल के आर्यवीर सहवाग की ख्याति पिता वीरेंद्र सहवाग की तरह फ़ैल रही है. उनकी तारीफ़ उनके पिता के और टीम इंडिया के कप्तान रहे सौरव गांगुली ने भी की है. लेकिन वो अपने पिता के नाम वीरेंद्र सहवाग के नाम को दबाव की तरह नहीं बल्कि फ़ख़्र की तरह इस्तेमाल कर मैदान पर अपना जलवा बिखेरते हैं.
आर्यवीर सहवाग ने फ़ाइनल मैच में 58 और पूरे टूर्नामेंट में 1 शतक और 3 शतकों के सहारे सबसे ज़्यादा 361 रन बनाए. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट के ख़िताब से नवाज़ा गया. जूनियर सहवाग दिल्ली के अंडर-19 के कप्तान रह चुके हैं.
3. टॉप ऑर्डर केरल एक्सप्रेस वीके विनीत
केरल के वीके विनीत एक मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं. फ़ाइनल में वीके विनीत ने तेज़ खेलते हुए 21 गेंदों पर 3 चौकों के सहारे 24 रन बनाए. विनीत के पिता सरकारी अधिकारी हैं.
विनीत तकनीकी रूप से बेहद मज़बूत माने जाते हैं. अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ आर्यवीर ने नाबाद 57 रन बनाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. बांये हाथ का ये ऑलराउंडर दांये हाथ से स्पिन गेंदबाज़ी करता है. अंडर 19 एशिया कप के 5 मैचों में विनीत ने 2 अर्द्धशतकों के साथ 162 रन बनाए.
4. चंबल से चमका सितारा उप-कप्तान यशोवर्धन चौहान
17 साल के ग्वालियर के यशोवर्धन चौहान मध्य प्रदेश की U23 टीम में भी खेलते हैं. कोच येरे गौड ने इन्हें सबसे टैलेंटेड खिलाड़ी भी कहा है. लोकल क्रिकेट में इन्हें वैभव सूर्यवंशी जैसा मैचविनर माना जाता है. यश अंडर-19 टीम इंडिया के उपकप्तान हैं. इनके पिता किसान हैं और यहां तक पहुंचने में इन्हें अच्छा ख़ासा संघर्ष करना पड़ा है.
यशोवर्धन पहले अंडर-19 टीम के कप्तान भी रह चुके हैं. यशोवर्धन का बल्ला निजी तौर पर नहीं चला. टूर्नामेंट के 5 मैचों में उन्होंने 43 रन बनाए.
5. शतकवीर अर्जुन राजपूत का संघर्ष और कामयाबी
जालंधर में रेहड़ी पर छोले-कुलचे बेचनेवाले होती राम के बेटे अर्जुन राजपूत ने कुछ ही दिनों पहले पाकिस्तान के ख़िलाफ़ शतकीय पारी खेली और सुर्खियों में आ गए.
टूर्नामेंट में भारत के लिए आर्यवीर सहवाग के अलावा सिर्फ़ अर्जुन राजपूत ही शतकवीर साबित हुए. फ़ाइनल में अर्जुन ने 18 गेंदों पर 16 रन बनाए. फ़ाइनल के 5 मैचों में अर्जुन ने 43 के औसत से 127 रन बनाए.
6. पिता से तेज़ खेलते हैं जूनियर द्रविड़- अन्वय द्रविड़
राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ में उनकी पिता की तरह अनुशासन तो दिखता है. लेकिन वो अपने पिता से तेज़ रफ़्तार से क्रिकेट खेलने के लिए जाने जा रहे हैं.
विकेटकीपर बैटर अन्यव द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफ़ी में भी 320 रन बनाकर खूब सुर्ख़ियां बटोरी. एशिया कप के फ़ाइनल में जूनियर द्रविड़ ने टीम की हालात को देखते हुए 12 गेंदों पर 19 रन बनाए.
7. मनल चौहान की मैचविनिंग पारी
पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीनकर लाने वाले मनल चौहान और मोहित उल्वा की पार्टनरशिप टीम इंडिया की जीत का टर्निंग प्वाइंट बन गई. मध्य प्रदेश के मुरैना में जन्मे मनाल एक बाएं हाथ के बैटर और स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर के रूप में खेलने वाले ज़बरदस्त ऑलराउंडर हैं.
मनल चौहान ने इसी साल जुलाई में श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ अपने यूथ टेस्ट डेब्यू पर 150 रनों की शानदार पारी खेली और सुर्खियों में आ गए.
फ़ाइनल में मनल ने 32 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्के लगाकर हारती हुई बाज़ी पलट दी. मनल ने 5 मैचों में बेहद अहम 59 रन बनाए और 5 विकेट भी झटके.
8. प्लेयर ऑफ़ द मैच बने मोहित उल्वा
एशिया कप का विनिंग शॉट लगाने वाले मोहित उल्वा की 26 गेंदों पर 49 रनों की पारी अमर हो गई है. जब मैच जीतने की उम्मीदें टूट गईं दिख रही थीं, मोहित उल्वा ने तकरीबन 190 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए वनडे मैच में टी-20 का जोश भर दिया. 5 चौके और 3 छक्के लगाते हुए मोहित के 26 गेंदों पर 49 रनों की पारी ने टीम इंडिया में जीत के रंग भर दिए.
18 साल के मोहित उल्वा जामनगर में रविंद्र जडेजा के कोच महेन्द्र सिंह चौहान की देखरेख में खेलते हुए मंज रहे हैं. मोहित ने 5 मैचों में 63 रन बनाए और 3 विकेट भी झटके. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच के ख़िताब से नवाज़ा गया.
9. फ़ाइनल में काव्य पटेल ने झटके 4 अहम विकेट
पेसर ईशान सूद की ग़ैरमौजूदगी में पाकिस्तान ने 44 ओवरों में 4 विकेट खोकर 299 रन बना लिए थे. लेकिन काव्य पटेल और सी वेंकट ने 7 विकेट लेकर पाकिस्तान को 350 की सीमा नहीं पार करने दी.
काव्य पटेल गुजरात की अंडर-19 टीम के कप्तान रहे हैं. काव्य पटेल ने 5 मैचों में 5 से कम की इक़नमी रखते हुए 8 विकेट झटके.
10. साइलेंट मैचविनर हैं गोवा के सी वेंकट
गोवा के ऑलराउंडर कभी-कभी विकेटकीपिंग भी करते हैं. शांत स्वभाव के सी वेंकट ने फ़ाइनल को अपनी गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी दोनों से यादगार बना दिया.
फ़ाइनल में वेंकट ने 5 ओवरों में 40 रन देकर 3 विकेट तो लिए ही, बैटिंग में ना सिर्फ़ आख़िर में विकेट पर अंगद की तरह डटे रहे, बल्कि 8 गेंदों पर 2 चौके लगाकर 11 रन भी बनाए.
11. मोरबि का ऑलराउंडर आर्यन सवासनि
मोरबि, गुजरात के बांये हाथ के बैटर और स्लो लेफ़्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज़ ने एक कारगर ऑलराउंडर हैं. हालांकि इस वर्ल्ड कप में उनके नाम 3 मैचों में 9 रन रहे. लेकिन अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 2 विकेट भी निकाले.
12. फ़ाइनल से पहले चोटिल हो गए टॉप क्लास पेसर ईशान सूद
टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 11 विकेट लेने वाले ईशान सूद पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में नहीं खेलने वाले पेसर की कमी खल भी गई. पाकिस्तानी बैटर्स ने उनकी कमी का फ़ायदा भी उठाया लेकिन जीत नहीं हासिल कर सके.
17 साल के 6 फ़ीट 4 इंच लंबे ईशान सूद की तुलना ईशांत शर्मा से की जाती है. दोनों ओर स्विंग करा सकनेवाले ईशान का गेंद पर ग़ज़ब का कंट्रोल है. ईशान की कामयाबी के लिए उनके ऊंचे कद के पिता धीरज सूद ने बेटे के क्रिकेट करियर के लिए अपना गारमेंट शोरूम तक बेच दिया था.
यह भी पढ़ें: क्या मोहसिन नकवी के हाथों भारत ने उठाई U-19 एशिया कप ट्रॉफी? जानें प्रेजेंटेशन सेरेमनी में क्या हुआ
यह भी पढ़ें: 'भगवान पर भरोसा था...,' आखिरी ओवर के हीरो मोहित ने बताया पाकिस्तान को कैसे चटाई धूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं