पेटीएम जल्द ही फिर से वॉलेट शुरू कर सकेगा. यानी वॉलेट में पहले से पैसे जमा होंगे और ग्राहक इस राशि का इस्तेमाल खरीदारी, बिल पे करने या पैसे ट्रांसफर में कर सकेंगे. इसके लिए बैंक रेगुलेटर RBI से कंपनी को शुरुआती मंजूरी मिल गई है. Payments Bank बंद होने के बाद अब कंपनी स्वतंत्र रूप से वॉलेट कारोबार चला सकेगी. यही नहीं, अंतिम मंजूरी मिलने पर प्रीपेड कार्ड बिजनेस में भी उतरने का रास्ता भी खुलेगा.
पेटीएम के लिए शुक्रवार का दिन बेहद अच्छा साबित हुआ. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कंपनी की पेमेंट सर्विसेज यूनिट Paytm Payments Services को प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट जारी करने के लिए शुरुआती मंजूरी दे दी है. इसमें डिजिटल वॉलेट भी शामिल हैं. इस खबर के बाद पेटीएम के शेयरों में तेजी आई और स्टॉक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया.
कंपनी ने बताया कि आरबीआई से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद Paytm Payments Services ग्राहकों को प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट की सुविधा दे सकेगी. इससे पेटीएम को अपना वॉलेट कारोबार पेटीएम पेमेंट बैंक से अलग और स्वतंत्र रूप से चलाने का मौका मिलेगा.
प्रीपेड कार्ड कारोबार में भी उतर सकेगी कंपनी
आरबीआई की मंजूरी पेटीएम के लिए नए कारोबार के अवसर खोल सकती है. इसमें डिजिटल वॉलेट के अलावा प्रीपेड कार्ड कारोबार भी शामिल है.
नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और बैंकिंग एवं फाइनेंशियल सर्विसेज रिसर्च प्रमुख आनंद दामा के मुताबिक, इस मंजूरी से पेटीएम के लिए कमाई के नए रास्ते खुल सकते हैं. इससे कंपनी पर नियामकीय दबाव कम होने का संकेत भी मिलता है, जो शेयरों के लिहाज से सकारात्मक है.
यह भी पढ़ें | Paytm के फाउंडर विजय शेखर शर्मा की सैलरी 4 साल से नहीं बढ़ी, इस बार तो पिछले साल से भी कम मिले पैसे
हालांकि, दामा ने ये भी कहा कि अभी सिर्फ शुरुआती मंजूरी मिली है. अंतिम लाइसेंस मिलने में समय लगेगा. ऐसे में अगर इस मंजूरी का कंपनी की कमाई पर कोई असर पड़ता है, तो वो वित्त वर्ष 2028 में दिखाई दे सकता है.
शेयर 1.8% चढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे
आरबीआई की शुरुआती मंजूरी की खबर के बाद शुक्रवार को पेटीएम के शेयरों में तेजी देखने को मिली. कारोबार के दौरान शेयर 1.8% तक चढ़कर 1,960 रुपये पर पहुंच गया. अंत में ये 0.8% की बढ़त के साथ बंद हुआ.
इस साल अब तक पेटीएम का शेयर करीब 50% चढ़ चुका है. कंपनी के अलग-अलग कारोबार में मजबूत बढ़ोतरी को भी इस तेजी की वजह माना जा रहा है.
2014 में शुरू हुआ था पेटीएम का वॉलेट कारोबार?
पेटीएम ने 2014 में अपना डिजिटल वॉलेट कारोबार शुरू किया था. कुछ ही वर्षों में ये देश का सबसे बड़ा डिजिटल वॉलेट बन गया. साल 2017 में नियामकीय जरूरतों के तहत कंपनी ने इस कारोबार को Paytm Payments Bank को ट्रांसफर कर दिया था.
लेकिन 2022 में आरबीआई ने बैंक को नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया. इसके बाद जनवरी 2024 में केंद्रीय बैंक ने और सख्त पाबंदियां लगा दीं. बैंक को नए डिपॉजिट लेने, क्रेडिट स्वीकार करने और मौजूदा ग्राहकों के खातों व वॉलेट में टॉप-अप की सुविधा देने से रोक दिया गया.
आरबीआई ने ये कदम लगातार नियमों के पालन में कमी और निगरानी से जुड़ी चिंताओं के चलते उठाए थे. इन पाबंदियों से पेटीएम के वॉलेट में सामान्य तरीके से पैसे डालने का काम लगभग ठप हो गया.
इस साल आरबीआई ने Paytm Payments Bank का बैंकिंग लाइसेंस भी रद्द कर दिया, जिसके बाद बैंक को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई. अब Paytm Payments Services को मिली शुरुआती मंजूरी कंपनी के वॉलेट कारोबार को दोबारा शुरू करने की दिशा में अहम कदम है. हालांकि, इसके लिए आरबीआई की अंतिम मंजूरी जरूरी होगी.
यह भी पढ़ें | UPI पर चार्ज लगाने से मोटे फायदे में कौन... सरकार, बैंक या PhonePe, Paytm जैसे ऐप्स?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं