80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपना 80वां टेस्ट मैच खेल रहा है. गॉल के खूबसूरत मैदान और उससे थोड़ी ही दूर से समुद्र से आती हवाओं ने आजादी की फिजा में रंग घोल दिए हैं. टीम इंडिया की बैटिंग ने इन सबको सोने पर सुहागा कर दिया है. रह-रहकर स्टेडियम से फ़ैन्स के नारे और शोर टीवी के सामने बैठे दर्शकों का दिल भी धड़का रहे हैं- ‘जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा!' और, ‘भारत माता की जय!' हर उम्र के लोगों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर जश्न मनाने का और लड्डू खाने का बढ़िया मौका है तो बेशकीमती आज़ादी के साथ भारतीय क्रिकेट इतिहास को याद करने का भी.
लॉर्ड्स पर पहले टेस्ट की पहली पारी में झटके 5 विकेट
नौ दशक से भी पहले भारत ने क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स पर इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट 1932 में (25-28 जून) खेला तब भी भारत की हालत नौसिखिए जैसी तो बिल्कुल नहीं कही जा सकती थी. भारत की ओर से मो.निसार और अमर सिंह की खतरनाक तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने 7 विकेट झटक लिए. मो.निसार ने पहली ही पारी में 5 विकेट अपने नाम कर लिए. भारत के पहले कप्तान कर्नल सीके नायडू ने ऑफ़ स्पिन करते हुए 2 विकेट अपने नाम किये.
पहली पारी में कप्तान सीके नायडू ने 40 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली तो दूसरी पारी में पेसर ऑलराउंडर अमर सिंह ने हाफ़ सेंचुरी लगा दी. दूसरी पारी में भारतीय टीम के जहांगीर ख़ान ने 4 विकेट अपने नाम किये. लेकिन पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 158 रनों से जीत लिया.
100वें टेस्ट की पहली पारी में 9 भारतीय बॉलर्स ने गेंद डाली
भारत ने अपना 100वां टेस्ट मैच आज़ादी के 20 साल बाद 1967 में लीड्स पर कप्तान मंसूर अली ख़ान पटौदी की अगुआई में खेला. इंग्लैंड की ओर से ज्यॉफ़ बॉयकॉट ने 246 और बासिल डि ओलिवियेरा ने 109 रनों की पारी खेली. भारत की ओर से 9 गेंदबाज़ों ने गेंद डाली लेकिन भागवत चंद्रशेखर (2/121) के अलावा कोई और बॉलर विकेट नहीं ले सका. भारत को इस टेस्ट में 6 विकेट से हार मिली.
200वां टेस्ट पाकिस्तान के ख़िलाफ़ लाहौर में ड्रॉ
भारत ने अपना 200वां टेस्ट दिसंबर 1982 में लाहौर में खेला. कप्तान सुनील गावस्कर की टीम के ख़िलाफ़ कप्तान इमरान ख़ान की टीम के लिए ज़हीर अब्बास ने दोहरे शतक की बड़ी पारी ज़रूर खेली. लेकिन भारत ने इस बार हार का सामना नहीं किया. भारत की ओर से पहली पारी में बांये हाथ के स्पिनर दिलीप दोषी ने 5 विकेट, मदन लाल ने 3 विकेट और कपिल देव ने 2 विकेट झटके. पहली पारी में भारत की ओर से मोहिन्दर अमरनाथ ने शतक जमाया तो ओपनर सुनील गावस्कर, अरुण लाल और संदीप पाटिल ने हाफ़ सेंचुरी लगाकर मैच को ड्रॉ करवा दिया.
300वें टेस्ट में मास्टर-ब्लास्टर की कप्तानी में मिली जीत
भारत ने अपना 300वां टेस्ट अपने वक्त के दुनिया के सबसे टैलेंटेड मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की अगुआई में खेला और उस मैच में जीत भी दर्ज की. अहमदाबाद में खेले गए उस अहम मैच में भारत की ओर से दूसरी पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने हाफ़ सेंचुरी लगाई. जबकि, जवागल श्रीनाथ ने 8 विकेट लेकर (2/47 और 6/21) लेकर द.अफ़्रीका की कमर तोड़ दी. भारत ने अपना 300वां टेस्ट 64 रनों से जीता.
400वें टेस्ट में, 20 साल पहले द्रविड़ की अगुआई में मिली जीत
भारत ने अपने 400 वें टेस्ट में 20 साल पहले कप्तान राहुल द्रविड़ की अगुआई में विदेशी ज़मीन पर वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ जीत दर्ज की. पहली पारी में भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने 81 रनों की पारी खेली तो पहली पारी में टर्बनेटर हरभजन सिंह ने 5 विकेट अपने नाम किये, दूसरी पारी में एक बार फिर कप्तान द्रविड़ ने सबसे ज़्यादा 68 रन बनाए और अनिल कुंबले ने सबसे ज़्यादा 6 विकेट झटके. भारत ने विंडीज़ को 49 रनों से हरा दिया. द्रविड़ उस मैच और सीरीज़ के नायक बने.
500वें टेस्ट में दिखा जड्डू का जादू
भारत ने कानपुर में 2016 में खेले गए अपने 500वें टेस्ट में कप्तान विराट कोहली की अगुआई में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 197 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. उस मैच की पहली पारी में मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा की हाफ़ सेंचुरी के साथ रविंद्र जडेजा ने नाबाद 42 रनों की पारी खेली. फिर पहली पारी में जडेजा ने 5 और आर अश्विन ने 4 विकेट झटके.
दूसरी पारी में एक बार फिर मुरली विजय और पुजारा के साथ रोहित शर्मा और जडेजा ने भी हाफ़ सेंचुरी का तड़का लगा दिया. अश्विन के 6 विकेट के साथ जडेजा ने दूसरी पारी में भी विकेट अपने नाम किया और मैन ऑफ़ द सीरीज़ बन गये.
600वां टेस्ट और स्वतंत्रता दिवस
भारत को स्वतंत्रता दिवस पर गॉल में श्रीलंका के ख़िलाफ़ अपना 600वां टेस्ट खेल रहा है. कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में भारत ने पहले सत्र में 1 विकेट पर 101 का स्कोर बनाया है और टीम इंडिया ने इस टेस्ट में ठोस शुरुआत की है. भारत को इस टेस्ट समेत 9 में से 7 टेस्ट जीतने हैं ताकि वो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में कदम रख सके. फ़िलहाल टीम इंडिया के क्रिकेटर्स ने ऐसी कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी है कि भारतीय फ़ैन्स आज़ादी के महोत्सव के साथ क्रिकेट के त्योहार का जश्न ज़ोर-शोर से ना मनायें!
ये भी पढ़ें- W,W,W,W,W,W: बांग्लादेश पर कहर बनकर टूटे हेजलवुड, 300 क्लब में धमाकेदार एंट्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं