विज्ञापन

IAS तुकाराम मुंढे की दिलचस्प स्टोरी: पत्नी के सामने पहली मुलाकात में रखी थी यह शर्त

महाराष्ट्र FDA कमिश्नर IAS तुकाराम मुंढे ने अपनी निजी जिंदगी के दो मजेदार किस्से साझा किए. जानिए पहली मुलाकात में पत्नी  के सामने उन्होंने क्या शर्त रखी थी और माधुरी दीक्षित की शादी पर उनके दोस्त का क्या हाल हुआ था.

IAS तुकाराम मुंढे की दिलचस्प स्टोरी: पत्नी के सामने पहली मुलाकात में रखी थी यह शर्त
ias tukaram mundhe wife first meeting madhuri dixit story

महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के नए कमिश्नर IAS तुकाराम मुंढे इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं. अपनी 21 साल की सर्विस में 25 ट्रांसफर झेलने वाले मुंढे इस समय फूड माफिया के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं. तुकाराम मुंढे की न केवल वर्किंग स्टाइल, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई किस्से भी बेहद दिलचस्प हैं. उन्होंने जहां अपने दोस्त पंकज को अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की शादी की खबर सुनकर फूट-फूटकर रोते देखा, वहीं अपनी पत्नी के साथ पहली ही मुलाकात में एक खास शर्त भी रख दी थी.

ओपन इंटरव्यू में साझा की निजी जिंदगी की बातें

महाराष्ट्र कैडर के 2005 बैच के IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने 8 अगस्त 2026 को पुणे के बालगंधर्व रंगमंदिर में आयोजित 'अनस्टॉपेबल तुकाराम' नाम के एक ओपन इंटरव्यू में बॉलीवुड की 'धक-धक गर्ल' माधुरी दीक्षित की शादी से जुड़ा अपने दोस्त का मजेदार किस्सा साझा किया. इससे पहले दिए गए एक अन्य इंटरव्यू में वे पत्नी मुंढे से अपनी शादी की कहानी भी बता चुके हैं.

जब माधुरी की शादी पर फूट-फूटकर रोया दोस्त

तुकाराम मुंढे ने बताया कि साल 1998-99 में जब वे संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटे थे, तब वे और उनके दोस्त पंकज देर रात तक साथ पढ़ाई किया करते थे. पंकज वर्तमान में कस्टम्स कमिश्नर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं.

मुंढे के अनुसार, एक सुबह करीब 10 बजे पंकज उनके पास आए और अचानक फूट-फूटकर रोने लगे. शुरुआत में तो पंकज ने रोने की वजह नहीं बताई, लेकिन बाद में पूछा, "क्या तुमने आज सुबह का अखबार पढ़ा?" इसके बाद उन्होंने रोते हुए खुलासा किया कि उनकी क्रश माधुरी दीक्षित ने शादी कर ली है. दोस्त की यह बात सुनकर तुकाराम अपनी हंसी नहीं रोक पाए.

'अपनी क्रश का नाम बताने की हिम्मत नहीं' 

उसी इंटरव्यू में जब तुकाराम से उनकी खुद की क्रश के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "जहां तक मेरी पसंद की बात है, तो मैं अभी इसका खुलासा करने की हिम्मत नहीं करूंगा, क्योंकि मेरी शादीशुदा जिंदगी बहुत अच्छी चल रही है."

हालांकि, अपनी शादी से जुड़ा किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि IAS बनने के बाद नागपुर में पोस्टिंग के दौरान उनकी अरेंज मैरिज हुई थी. पहली ही मुलाकात में तुकाराम ने होने वाली पत्‍नी से स्पष्ट रूप से कह दिया था, "मेरी किस्मत में यही लिखा है. अगर काम को लेकर तुम्हारी मुझसे अलग अपेक्षाएं हैं जैसे ढेर सारी गाड़ियां आदि तो हमें आगे नहीं बढ़ना चाहिए. मैं एक लोक सेवक हूं और मेरा पूरा ध्यान लोक सेवा पर ही रहेगा. यदि तुम मेरा समर्थन करोगी, तभी हम आगे बढ़ने के बारे में सोच सकते हैं."

'पहली नजर का प्यार नहीं, वक्त के साथ मजबूत हुआ रिश्ता'

जब उनसे पूछा गया कि क्या वो उनके लिए पहली नजर का प्यार थीं? तो उन्होंने कहा कि उनके बीच 'पहली नजर के प्यार' जैसी कोई बात नहीं थी. जैसे-जैसे दोनों की बातचीत आगे बढ़ी, विचार मिलते गए और प्यार गहराता गया. उन्होंने अपनी पत्नी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने घर को बेहतरीन तरीके से संभाला है, जो काम सिर्फ एक सच्चा और बेहतर जीवनसाथी ही कर सकता है.  

यह भी पढ़ें - हाईकोर्ट की कैंटीन पर ही मार दिया छापा, कौन हैं IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे? 

यह भी पढ़ें - कोई मुझे घूस देने की हिम्मत नहीं कर सकता, महाराष्ट्र के दबंग IAS तुकाराम मुंढे की खुली चुनौती 

यह भी पढ़ें - IAS तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के 'अशोक खेमका': 21 साल में 25 जगह तबादला, जानें बार-बार क्‍यों होता ट्रांसफर?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAS, Maharashtra, Tukaram Mundhe
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com