भारत और श्रीलंका (IND vs SL Sri Lanka) के बीच होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त 2026 से हो रहा है. उससे करीब एक सप्ताह पहले श्रीलंका क्रिकेट (Sri Lanka Cricket) ने एक बड़ा बयान देते हुए श्रीलंकाई क्रिकेट प्रेमियों को खुश होने का मौका दे दिया है. एसएलसी ने भारत के साथ खेले जाने वाले आगामी टेस्ट सीरीज के लिए मैदान में प्रशंसकों को आने के लिए निःशुल्क घोषित कर दिया है. यानी कि श्रीलंकाई क्रिकेट प्रेमी आगामी टेस्ट सीरीज का लुत्फ मैदान में जाकर फ्री में उठा सकते हैं. मौजूदा समय में दोनों टीमें तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही हैं. अभ्यास मैच का पहला दिन समाप्त हो गया है.
मुफ्त प्रवेश से स्टेडियम में बढ़ सकती है फैंस की संख्या
मैच के दौरान श्रीलंकाई क्रिकेट प्रेमी अपने शोर-शराबे के लिए मशहूर हैं. यानी कि वह पूरे मैच के दौरान दिल से मुकाबले का लुत्फ उठाते हैं. अतीत में जब-जब भारत और श्रीलंका की भिड़ंत हुई है. श्रीलंकाई फैंस की स्टेडियम में उपस्थिति खचाखच रही है. आगामी सीरीज के लिए टिकट फ्री होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि फैंस की संख्या और बढ़ सकती है.
पिछली बार श्रीलंका को 2-0 से मिली थी जीत
पिछली बार जब भारतीय टीम ने श्रीलंका का दौरा किया था. उस दौरान मेजबान टीम को वनडे फॉर्मेट में 2-0 से जीत मिली थी. यह जीत टीम को 1997 के बाद भारतीय टीम के खिलाफ मिली थी. इस बार भी श्रीलंकाई टीम को पिछली बार की तरह ही परिणाम की अपेक्षा होगी.
न्यूजवायर की एक रिपोर्ट में बताया गया है, 'श्रीलंका क्रिकेट ने श्रीलंका और भारत के बीच खेले जाने वाले आगामी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप टेस्ट सीरीज को दर्शकों के लिए मुफ्त कर दिया है. दो मैचों की यह सीरीज 15 से 19 अगस्त के बीच गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के एसएससी ग्राउंड्स में खेला जाएगा.'
रिपोर्ट में आगे बताया गया है, 'गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में प्रशंसक गेट नंबर 4 से मुफ्त में प्रवेश कर सकते हैं, जबकि एसएससी में गेट नंबर 3, 4, 5 और 7 खुले रहेंगे. एसएलसी ने क्रिकेट प्रशंसकों, उभरते युवा क्रिकेटरों और परिवारों को इस पहल का लाभ उठाने और श्रीलंका एवं भारत के बीच इंटरनेशनल टेस्ट क्रिकेट का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं