- विधायक ज्ञान तिवारी ने फेसबुक लाइव में अपनी बेटी के साथ अनुज त्रिवेदी परिवार पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया
- ज्ञान तिवारी ने बताया कि 2024 में उनकी बेटी की अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर से शादी हुई थी, जो फ्रॉड निकले
- अनुज त्रिवेदी पर कई महिलाओं से शादी कर ठगी करने और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप है
यूपी के सीतापुर जिले की सेउता सीट से विधायक ज्ञान तिवारी ने फेसबुक पर लाइव आकर अपना दर्द बयां किया है. वह अपनी बेटी के साथ लाइव आए और बताया कि उनके समधी और दामाद बहुत बड़े फ्रॉड हैं और तमाम शादियां करके लोगों को ठगा है. उन्होंने बेहद भावुक होते हुए कहा कि आज मैं एक पिता की हैसियत से आया हूं और बता रहा हूं कि हम लोगों के साथ ठगी हो गई है. इस दौरान उनकी बेटी भी रोने लगीं. ज्ञान तिवारी ने कहा कि मैंने 2024 में अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर के साथ बेटी की शादी की थी. इस शादी में मैंने कोई कसर नहीं छोड़ी थी और धूमधाम से आयोजन हुआ था. लेकिन पता चला है कि ये लोग फ्रॉड और ठग हैं. मैं इनसे रिश्ता तोड़ने का ऐलान करता हूं. इनसे मेरा किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है.
ज्ञान तिवारी ने कहा, 'आज मैं विधायक की हैसियत से बात नहीं कर रहा हूं बल्कि पिता के तौर पर कर रहा हूं. मैंने 2024 में अपनी बेटी की शादी की थी. उन्होंने कहा कि मैंने अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर से बेटी की शादी की थी. इस रिश्ते के बारे में कई लोगों ने बताया था. एमडी कॉलेज के प्रिंसिपल समेत कई लोगों से पूछकर यह रिश्ता किया गया था. इसके अलावा पूर्व सांसद जनार्दन द्विवेदी से भी इस संबंध में बात की गई थी. उन्होंने कहा कि आज हमें यह पता चला है कि हम लोग ठग गए. मेरी बेटी के साथ धोखाधड़ी हुई है. विधायक ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि अनुज त्रिवेदी ने नाम बदल-बदल कर कई महिलाओं से शादी की थी.'
भाजपा विधायक ने कहा कि मेरे साथ बड़ा धोखा हुआ है, अब इस केस में मैं भी एफआईआर कराऊंगा. उन्होंने बेटी को हमेशा अपने घर में रखने की बात कही और बोले कि मेरी डॉक्टर बेटी अपने दम पर जी सकती है. ज्ञान तिवारी ने कहा कि अनुज का बेटा प्रखर भी उसके साथ फ्रॉड में शामिल है और वह भी ऐसा ही करता है. अनुज त्रिवेदी के ऊपर 3 से 4 मुकदमे दर्ज हैं और कई लोगों ने उस पर आरोप लगाए हैं. यदि मेरी बेटी कहेगी तो इस मामले में मैं भी केस दर्ज कराऊंगा.
रोते हुए बोले- हमेशा मेरे घर में रहेगी बेटी, मकान बनाकर दूंगा
उन्होंने कहा, 'मेरी बेटी अपने पैरों पर खड़ी है और उसे मैंने डॉक्टर बनाया है. वह अपने आप जीवन जीने लायक है. लेकिन मेरे साथ धोखाधड़ी हुई है. मैंने कई लोगों से इनके बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन किसी ने सही नहीं बताया. मैंने छोटा परिवार और आर्थिक स्थिति अच्छी होने के नाते ऐसा किया था. मुझे उस आदमी के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी. ज्ञान तिवारी ने कहा कि हम अपनी बेटी को भी इसके लिए तैयार कर रहे हैं कि वह उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए. मैंने अपनी बेटी की अच्छे से शादी की थी. ज्ञान तिवारी ने कहा कि मेरा उस परिवार से कोई लेना देना नहीं है. वह स्वयं डॉक्टर है और अपना गुजारा कर सकती है. मैं जब तक जिंदा हूं, तब तक वह मेरे ही घर में रहेगी. इसका मैं वचन देता हूं.'
कौन है ठग अनुज त्रिवेदी, जिसे नोएडा से पकड़ा गया था
जून में अनुज त्रिवेदी को कई महिलाओं से शादी के आरोप में पकड़ा गया था. जानकारी मिली थी कि उसने करीब 25 महिलाओं को धोखा देकर शादी की है. इसमें उसका बेटा प्रखर मदद किया करता था. यह वही प्रखर है, जिससे विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी बेटी की शादी की थी. पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने फर्जी शादियां करके अमीर परिवारों की महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और करोड़ों रुपये की दौलत कमाई. फर्जी पहचान पत्रों और दस्तावेजों का इस्तेमाल करके ये लोग पहचान बना लेते थे. इन दोनों को ग्रेटर नोएडा से पुलिस ने अरेस्ट किया था. इसके अलावा पुलिस ने इनके शिकार लोगों से आगे आकर शिकायत करने की अपील की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं