Highest Paid Instagram Athletes: मैदान पर करोड़ों फैंस का दिल जीतने वाले खिलाड़ी अब सोशल मीडिया से भी बंपर कमाई कर रहे हैं. एक ताजा रिपोर्ट के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट की कीमत जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. इस लिस्ट में फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे आगे हैं, जबकि भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े स्टार विराट कोहली भी दुनिया के टॉप कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. आइए बिना किसी देरी के जानते हैं कि इंस्टाग्राम की एक पोस्ट से कौन-सा एथलीट कितना कमाता है.
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इंस्टाग्राम से सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सेलिब्रिटी हैं. उनके 678 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वह एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए करीब 27 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. यही वजह है कि दुनिया के बड़े-बड़े ब्रांड उनके साथ जुड़ने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करते हैं.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की नेटवर्थ और सैलरी
क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक पुर्तगाली प्रोफेशनल फुटबॉलर, एंटरप्रेन्योर और ग्लोबल आइकन हैं. सेलेब्रिटी नेटवर्थ की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 1.2 बिलियन डॉलर है. सऊदी क्लब अल-नस्र के साथ उनका सालाना वेतन करीब 224 मिलियन डॉलर है. रोनाल्डो ने जून 2025 में अल-नस्र के साथ नया कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद आधिकारिक तौर पर अरबपति खिलाड़ियों की सूची में जगह बनाई. उनकी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा रिकॉर्ड सैलरी, Nike के साथ लाइफटाइम डील, होटल बिजनेस, फिटनेस ब्रांड और टेक इन्वेस्टमेंट से आता है.
मेसी एक इंस्टाग्राम पोस्ट से कितना कमाते हैं?
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उनके 515 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स हैं और वह एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए करीब 22 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. फुटबॉल के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी उनकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है.
लियोनेल मेसी की नेटवर्थ और सैलरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लियोनेल मेसी की अनुमानित नेटवर्थ 1 बिलियन डॉलर है. दो दशक से ज्यादा लंबे करियर में मेसी ने सैलरी और बोनस के रूप में 700 मिलियन डॉलर से अधिक कमाए हैं. इसके अलावा एंडोर्समेंट, स्पॉन्सरशिप, लाइसेंसिंग डील और बिजनेस वेंचर से भी उन्होंने बड़ी कमाई की है. FC बार्सिलोना के साथ उनका 2017 का कॉन्ट्रैक्ट खेल इतिहास के सबसे महंगे कॉन्ट्रैक्ट्स में शामिल रहा. बाद में उन्होंने पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) और फिर इंटर मियामी के साथ भी करोड़ों डॉलर की डील की, जिसमें MLS सैलरी के साथ Apple और क्लब की इक्विटी से जुड़े फायदे भी शामिल हैं.
सेलेना गोमेज की कमाई भी चौंकाने वाली
अमेरिकी सिंगर, एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर सेलेना गोमेज़ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं. उनके 404 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स हैं और वह एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए करीब 22 करोड़ रुपये चार्ज करती हैं. अमेरिकी सिंगर, एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर सेलेना गोमेज़ की अनुमानित नेटवर्थ 1 बिलियन डॉलर है. उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी कॉस्मेटिक कंपनी Rare Beauty से आया है. चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर करियर शुरू करने वाली सेलेना आज दुनिया की सबसे प्रभावशाली सोशल मीडिया स्टार्स में गिनी जाती हैं.
काइली जेनर और ड्वेन जॉनसन का भी जलवा
काइली जेनर इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. उनके 381 मिलियन इंस्टाग्राम फॉलोअर्स हैं और वह एक प्रमोशनल पोस्ट के लिए करीब 20 करोड़ रुपये चार्ज करती हैं. हॉलीवुड स्टार और पूर्व WWE रेसलर ड्वेन जॉनसन, जिन्हें 'द रॉक' के नाम से भी जाना जाता है, इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं. उनके 382 मिलियन फॉलोअर्स हैं और वह एक इंस्टाग्राम पोस्ट के लिए करीब 20 करोड़ रुपये कमाते हैं.
विराट कोहली की कमाई भी चौंकाने वाली
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस लिस्ट में 14वें स्थान पर हैं. उनके इंस्टाग्राम पर 272 मिलियन फॉलोअर्स हैं और रिपोर्ट के मुताबिक वह एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए करीब 12 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. इसके अलावा X (पहले ट्विटर) पर उनके 71.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जहां एक स्पॉन्सर्ड पोस्ट के लिए उनकी फीस करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जाती है. टीम इंडिया, आईपीएल और बड़े ब्रांड एंडोर्समेंट की बदौलत विराट दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं.
विराट कोहली की नेटवर्थ और सैलरी
सेलेब्रिटी नेटवर्थ की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली की अनुमानित नेटवर्थ 120 मिलियन डॉलर है. क्रिकेट से मिलने वाली कमाई के अलावा उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस वेंचर और इक्विटी इन्वेस्टमेंट से आता है. पिछले कई वर्षों से उनकी सालाना कमाई 20-25 मिलियन डॉलर से अधिक रही है, जिसमें विज्ञापन और ब्रांड डील्स का बड़ा योगदान है. कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने 2013 से 2022 तक भारतीय टीम की कप्तानी की और अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर दुनिया के सबसे मूल्यवान स्पोर्ट्स आइकन में जगह बनाई.
ये भी पढ़ें- टीम इंडिया के किस खिलाड़ी के पास है सबसे बड़ा सरकारी पद, कितनी मिलती है सैलरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं