विज्ञापन

श्रीलंका को डबल झटका, मेंडिस के बाद एक और अहम बल्लेबाज चोटिल, भारत का पलड़ा भारी

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंकाई टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कुसल मेंडिस के बाहर होने के बाद अब पथुम निसंका भी पहले टेस्ट के लिए सिलेक्शन से बाहर हैं.

श्रीलंका को डबल झटका, मेंडिस के बाद एक और अहम बल्लेबाज चोटिल,  भारत का पलड़ा भारी
Pathum Nissanka
IANS

Pathum Nissanka Injury Update: 15 अगस्त से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका को डबल झटका लगा है. मेजबान टीम के दो सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज चोट के कारण उपलब्ध नहीं होंगे. कुसल मेंडिस पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि पथुम निसांका पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे. ऐसे में सीरीज शुरू होने से पहले ही श्रीलंका की बल्लेबाजी कमजोर पड़ गई है और टीम इंडिया को बड़ा मनोवैज्ञानिक फायदा मिल गया है.

श्रीलंका क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस दाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. उन्हें यह चोट 19 जुलाई को लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के दौरान कोलंबो कैप्स की ओर से खेलते हुए लगी थी. इसके बाद उन्होंने रिहैब भी किया, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए फिट घोषित नहीं किया. उनके बाहर होने से श्रीलंका के मिडिल ऑर्डर को बड़ा नुकसान पहुंचा है.

पथुम निसांका भी पहले टेस्ट से बाहर

श्रीलंका के स्टार ओपनर पथुम निसांका भी चोट के कारण 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं होंगे. उनकी चोट को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, जबकि दूसरे टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर भी अभी संशय बना हुआ है. श्रीलंकाई खेल पत्रकार निब्राज रमजान ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की है.

भारत को मिला बड़ा फायदा

कुसल मेंडिस और पथुम निसांका पिछले कुछ वर्षों में श्रीलंका की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं। दोनों के बाहर होने से मेजबान टीम को अपनी बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव करने पड़ेंगे। दूसरी ओर, भारत के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने अब श्रीलंका की चुनौती और कठिन हो गई है। ऐसे में सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया का पलड़ा काफी भारी नजर आ रहा है.

दरअसल, भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच कोलंबो के नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला जा रहा है. श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के कप्तान सोनल दिनुशा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. भारत के नियमित कप्तान शुभमन गिल चोट के चलते वॉर्मअप मुकाबले के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे हैं.

शुभमन गिल की जगह केएल राहुल ने संभाली कमान

शुभमन गिल की जगह पर केएल राहुल वॉर्मअप मैच में टॉस के लिए उतरे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गिल को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपडेट दिया। बीसीसीआई ने बताया, 'गुरुवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान कप्तान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की अनामिका उंगली (रिंग फिंगर) में चोट लग गई थी. एहतियात के तौर पर, वह श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ वार्मअप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है.' गिल की चोट ने भारतीय खेमे की चिंता बढ़ा दी है. टीम इंडिया यही उम्मीद करेगी कि कप्तान गिल की यह चोट ज्यादा गंभीर न हो.

भारतीय टीम के लिहाज से यह वॉर्मअप मैच काफी अहम माना जा रहा है. भारत की टेस्ट टीम में मौजूद खिलाड़ियों में से सिर्फ केएल राहुल और रवींद्र जडेजा ने ही इससे पहले श्रीलंका का दौरा किया है. ऐसे में तीन दिवसीय इस मुकाबले की मदद से भारतीय खिलाड़ियों को परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में मदद मिलेगी.

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अग्सत से होना है. सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। वहीं, दूसरा टेस्ट की शुरुआत 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगी. टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रही है. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के लिहाज से भी इस सीरीज को काफी अहम माना जा रहा है. डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में टीम इंडिया अभी पांचवें नंबर पर है, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर काबिज है.

ये भी पढ़ें-  W, W, W: जिस गेंदबाज को टीम इंडिया ने किया नजरअंदाज, उसने 2 ओवर में बदल दिया मैच का नक्शा, VIDEO

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sri Lanka, India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com