लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद पीसीबी ने पैनिक बटन दबाते हुए पर्दे के पीछे कई अहम फैसले लिए. बोर्ड ने बीच सीरीज से सात खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी कर दी. सरफराज अहमद समेत दो कोच को बाहर का रास्ता दिखाया. मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक को वापस बुलाया. उसके बाद से ही पाकिस्तान बोर्ड आलोचनाओं का सामना कर रहा है. इस बीच आइसलैंड क्रिकेट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी को बुरी तरह से ट्रोल किया है.
इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बीच, आइसलैंड क्रिकेट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ने PCB के हालिया सेलेक्शन फैसलों का मजाक उड़ाने के लिए एक काल्पनिक चैलेंज पेश किया.आइसलैंड क्रिकेट ने लिखा,"हम तटीय इलाकों के क्रिकेटरों के लिए एक नया क्रिकेटिंग चैलेंज शुरू करने जा रहे हैं. एक आइसबर्ग को पार करें और आप मोहसिन नकवी से मिलने और सेलेक्शन स्ट्रैटेजी के बारे में जानने के लिए पूरी तरह से प्रायोजित एजुकेशनल ट्रिप जीतें. अगर आप चाहें तो यह ट्रिप वन-वे भी हो सकती है."
We are going to launch a new cricketing challenge for coastal cricketers. Clear an iceberg and you win an all-expenses paid educational trip to meet Mohsin Naqvi and learn about selection strategy. Trip can be one-way if you wish. https://t.co/ore7R73W4J
— Iceland Cricket (@icelandcricket) September 4, 2026
इससे पहले, इंग्लैंड के हाथों टेस्ट मैचों में बुरी तरह हारने के बाद पाकिस्तान की क्रिकेट टीम की हो रही आलोचना से नाराज PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा कि टीम की बुराई वे लोग कर रहे हैं "जिन्होंने अपनी जिंदगी में कभी कुछ हासिल नहीं किया."
लंदन में मीडिया से बात करते हुए, नकवी ने कमजोर टीमों के हाथों दूसरी टीमों की हार का जिक्र किया -जिसमें आयरलैंड के हाथों भारत की हालिया T20 हार भी शामिल है - ताकि यह बताया जा सके कि कुछ हार से किसी टीम की असलियत तय नहीं होती.
उन्होंने कहा,"आपकी ODI रैंकिंग पहले आठवें नंबर पर थी, जो अब पांचवें नंबर पर आ गई है. आपने छह ODI सीरीज खेलीं, जिनमें से चार जीतीं, फिर भी कहा जा रहा है कि हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है?" नकवी ने आगे कहा,"हमारी सफलता की दर 24 प्रतिशत से बढ़कर 73 प्रतिशत हो गई है, और मैं सिर्फ़ किसी एक खास मैच की बात नहीं कर रहा हूं, फिर भी कहा जा रहा है कि हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है?"
मोहसिन नकवी ने आगे कहा कि आलोचकों और फैन्स को खिलाड़ियों का हौसला नहीं तोड़ना चाहिए. शाहिद अफरीदी, मोहम्मद यूसुफ और राशिद लतीफ जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने भी पाकिस्तानी टीम की आलोचना की है. नकवी ने आलोचकों को लेकर कहा,"जिन खिलाड़ियों ने अपनी ज़िंदगी में कभी कुछ हासिल नहीं किया, जब वे ऐसी बातें करते हैं, तो यह बेतुका लगता है."
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा टॉप पर, विराट कोहली से आगे क्रिस गेल, वनडे में सबसे अधिक 150+ स्कोर करने वाले टॉप-10 क्रिकेटर
यह भी पढ़ें: 8 छक्के, 5 चौके, 190.56 का स्ट्राइक रेट, राजस्थान रॉयल्स के स्टार के विस्फोट में धुंआ-धुंआ हुआ स्टेडियम, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं