विज्ञापन

252/8 था भारत का स्कोर, 48 गेंदों पर चाहिए थे 86 रन, फिर मनल-मोहित की जोड़ी ने हारी हुई बाजी को जीत में बदला

भारतीय टीम एक समय हारती हुई लग रही थी. लेकिन फिर मोहित और मनल की साझेदारी ने पूरी तरह से पासा पलट दिया.

252/8 था भारत का स्कोर, 48 गेंदों पर चाहिए थे 86 रन, फिर मनल-मोहित की जोड़ी ने हारी हुई बाजी को जीत में बदला
मनल-मोहित की जोड़ी ने यूं हारी हुई बाजी को जीत में बदला

सलामी बल्लेबाजों लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) के अर्धशतकों के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) के बीच नौवें विकेट की 57 रन की साझेदारी से भारत ने बेहद रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया. पाकिस्तान के 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर के बीच पहले विकेट की 95 रन की साझेदारी से एक विकेट पर 146 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी. हालांकि इसके बाद 42वें ओवर तक पाकिस्तान ने भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन कर दिया. मोहित ने इसके बाद मनल के साथ मिलकर भारत को वापसी दिलाई और अहमद हुसैन की मैच की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को नौ विकेट पर 339 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी.

252/8 था स्कोर, दिखने लगी थी हार

42वें ओवर की समाप्ती पर भारत का स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 252 रन था. टीम इंडिया को इस समय जीत के लिए 48 गेंदों में 86 रन चाहिए थे. हार तय दिख रही थी. जीत के लिए जरूरी रन रेट बढ़कर 10.75 का हो चुका था. इसके अगले ओवर में सिर्फ 7 रन आए. जरूरी रन रेट बढ़कर ऐसे में 11 से अधिक का हो चुका था. रन चेज में बने रहने के लिए भारत को यहां पर एक बड़ा ओवर चाहिए था. 

मनल-मोहित की जोड़ी ने पलटी बाजी

मोहम्मद सय्यम के अगले ओवर में भारत ने यह कसर पूरी की.  मनल ने मोहम्मद सैयम पर दो छक्के मारे. जबकि ओवर की आखिरी गेंद पर मनल ने चौका जड़ा.इस ओवर से 19 रन आए. इस समय भारत को जीत के लिए 30 गेंदों में 60 रन चाहिए थे.

इसके अगले ओवर में रिजवानुल्लाह को एक चौका और एक छक्का लगाकर 13 रन बटोरे. दो बड़े ओवर से भारत मैच में वापसी करने में सफल रहा था और आखिरी के 5 ओवरों में टीम को जीत के लिए 47 रन चाहिए थे. इस दौरान पाकिस्तान को स्लो ओवर रेट के लिए भी पेनल्टी लगी और उन्हें एक फील्डर अतिरिक्त 30 गज के दायरे में रखना पड़ा.

46वां ओवर फेंकने अली रजा आए थे. मनल ने चौके के साथ ओवर की शुरुआत की. जबकि मोहित ने ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाया. इन दोनों के बीच सिर्फ 26 गेंदों पर 51 रनों की साझेदारी हुई.अब भारत को 24 गेंद पर सिर्फ 34 रन चाहिए थे.जीत आसान लग रही थी तभी रिज़वानुल्लाह ने एक जबरदस्त ओवर फेंकर भारत को दबाव बनाया. रिज़वानुल्लाह ने इस ओवर में सिर्फ 4 रन दिए. भारत को अब 18 गेंद में जीत के लिए 30 रन चाहिए थे.

लेकिन इसके अगले ही ओवर में निकाब ने मनल को उस्मान के हाथों कैच कराके भारत को बड़ा झटका दिया. टीम इंडिया फिर मुसीबत में लग रही थी.  लेकिन मोहित ने सी वेंकट (नाबाद 11) के साथ मिलकर रन बटोरने जारी रखे. मैच का 49वां ओवर काफी निर्णायक साबित हुआ क्योंकि  सय्यम के इस ओवर में मोहित ने दो चौके और एक छक्का जड़कर 17 रन बटोरे. जिससे भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 8 रनों की दरकार रह गई थी.

आखिरी ओवर भी काफी रोमांचक रहा. पहली गेंद खाली रही, जबकि अगली गेंद वाइड हुई. जबकि दूसरी लीगल डिलवरी पर मोहित ने सिंगल लिया.अगली तीनों गेंदों पर भी सिंगल आया. भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन चाहिए थे और मोहित ने चौका जड़कर भारत को जीत दिला दी. 

इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक और अब्दुल कादिर (80) के साथ उनकी 18 ओवर में 135 रन की साझेदारी की बदौलत नौ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 गेंद में 60 रन की पारी खेली. भारत की ओर से तेज गेंदबाज काव्य पटेल ने 68 रन पर चार जबकि सी वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके.

लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई. आर्यवीर ने हाथ में गेंद लगने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और रिजवानुल्लाह (53 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. आर्यवीर हालांकि निकाब शफीक (57 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उस्मान खान को कैच दे बैठे. उन्होंने 61 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे.

रायचंदानी ने इसके बाद वीके विनीत (24) के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. कप्तान ने हसनैन अब्बास डार की गेंद पर एक रन के साथ 72 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. रिजवानुल्लाह ने विनीत को उस्मान के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा और फिर अर्जुन राजपूत (16) को भी विकेटकीपर हमजा जहूर के हाथों कैच कराया. डार ने यशबर्धन चौहान (09) की पारी का अंत किया जबकि रायचंदानी और अन्वय द्रविड़ (19) के विकेट लगातार गेंदों पर गंवाने से भारत संकट में घिर गया. रायचंदानी ने 101 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान को हराकर भारत बना एशिया का बॉस, छोले-कुलचे बेचने वाले, किसान, क्रिकेटर परिवारों के हैं जूनियर स्टार

यह भी पढ़ें: 'जज्बे का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता...,' पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत पर बोले गौतम गंभीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India U19, Pakistan U19, Cricket, Manal Chauhan, Mohit Ulva
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com