भारत अंडर-19 टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया. 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की, जिसके बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की.
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर किया/ उन्होंने लिखा, 'बेखौफ क्रिकेट, अटूट विश्वास, जज्बे का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता! एशिया के चैंपियन! बहुत बढ़िया, लड़कों! गंभीर का यह बयान भारत की उस वापसी पर बिल्कुल फिट बैठता है, जब टीम 252/8 की मुश्किल स्थिति से निकलकर चैंपियन बनी.
चमत्कार की जरूरत थी, तब मनाल और मोहित आए
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी युवा टीम की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को हराने के लिए असाधारण हौसले की जरूरत होती है. सहवाग ने अपने पोस्ट में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80), बेटे आर्यवीर सहवाग (58), मनाल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49)* का जिक्र करते हुए इसे अविश्वसनीय जीत बताया. उन्होंने लिखा कि जब टीम को चमत्कार की जरूरत थी, तब मनाल और मोहित ने कमाल कर दिया.
Fearless cricket. Unshakable belief. Grit has no batting order !! Champions of Asia! Well done, boys! 🇮🇳🏆 https://t.co/n2mTAsZPHz
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) November 14, 2026
दादा ने की आर्यवीर की तारीफ
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए आर्यवीर सहवाग के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि युवा सहवाग ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन योगदान दिया.
इरफान और कार्तिक भी हुए प्रभावित
पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मिली यह जीत भारतीय जूनियर टीम के जुझारूपन की मिसाल है. वहीं दिनेश कार्तिक ने कहा कि फाइनल में जिस तरह युवा खिलाड़ियों ने दबाव झेलते हुए मैच जीता, उससे साफ है कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है.
ऐसे जीता भारत फाइनल
338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को आर्यवीर सहवाग (58) और लक्ष्य रायचंदानी (80) ने शानदार शुरुआत दिलाई. हालांकि मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बाद टीम 252/8 पर पहुंच गई थी. यहां से मनाल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49)* ने मैच का रुख बदल दिया. दोनों के बीच 57 रन की साझेदारी हुई, जिससे भारत मुकाबले में लौटा. आखिर में मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को 1 विकेट से यादगार जीत दिला दी.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से हारी हुई बाजी कैसे जीत गया भारत? U-19 एशिया कप फाइनल के आखिरी ओवर में पलटी बाजी
यह भी पढ़ें- U19 Asia Cup Final: भारत कहां जीत गया मैच? हार के बाद कप्तान फरहान यूसुफ ने खोला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं