Tata Group Listing: टाटा समूह की पहचान सिर्फ एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के तौर पर नहीं, बल्कि परोपकार और देश के विकास में योगदान देने वाले संस्थान के रूप में भी रही है. लेकिन क्या कंपनी की पब्लिक लिस्टिंग इस पहचान को बदल सकती है? टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा (Noel Tata) का कंसर्न यही है. उनका मानना है कि अगर टाटा समूह की लिस्टिंग हुई और शेयरहोल्डर्स की संख्या बढ़कर 30-40 हजार तक पहुंच गई, तो मुनाफा परोपकार से ज्यादा अहम हो सकता है. इससे समूह के काम करने का पारंपरिक तरीका यानी 'टाटा वे' बदल सकता है.
हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में शनिवार को नोएल टाटा ने कहा कि टाटा समूह में नेतृत्व और कामकाज की निरंतरता किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है. उन्होंने कहा,
150 साल से जो व्यवस्था सफल है, उससे छेड़छाड़ क्यों?
नोएल टाटा का मानना है कि टाटा समूह की मौजूदा व्यवस्था ने 150 साल से ज्यादा समय में अपनी एक अलग पहचान और भरोसा बनाया है. ऐसे में सवाल उठता है कि जिस मॉडल ने इतने लंबे समय तक समूह को सफलता दिलाई और कारोबार के साथ परोपकार और राष्ट्र निर्माण के बीच संतुलन बनाए रखा, उससे छेड़छाड़ क्यों की जाए?
उनका इशारा इस बात की ओर था कि पब्लिक लिस्टिंग के बाद शेयरहोल्डर्स की बढ़ती संख्या और मुनाफे का दबाव समूह की प्राथमिकताओं को बदल सकता है. ऐसे में टाटा समूह की मौजूदा व्यवस्था को बनाए रखना जरूरी है, ताकि उसकी कारोबारी सफलता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और परोपकार की परंपरा भी जारी रहे.
लिस्टिंग से मुनाफा, परोपकार पर हावी होने का डर
नोएल टाटा ने पब्लिक लिस्टिंग को लेकर अपनी चिंता खुलकर जाहिर की. उन्होंने कहा कि कुछ लोग समूह की लिस्टिंग का प्रस्ताव दे रहे हैं, लेकिन उन्हें डर है कि इससे टाटा समूह के काम करने का तरीका बदल सकता है.
उनके मुताबिक, अगर एक दिन समूह के 30,000-40,000 शेयरहोल्डर्स हो गए, तो मुनाफा परोपकार से ज्यादा प्राथमिकता हासिल कर सकता है. नोएल टाटा का मानना है कि ऐसा बदलाव टाटा समूह के कामकाज के मूल सिद्धांतों को ही प्रभावित कर सकता है.
उन्होंने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स नियामकों और दूसरे संबंधित पक्षों के साथ रचनात्मक तरीके से काम करेगा, ताकि ऐसा समाधान निकाला जा सके जिससे 'टाटा वे' अपनी मौजूदा पहचान बनाए रखे.
दिशा सही, लेकिन बड़े प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में अनुशासन जरूरी
नोएल टाटा ने समूह की रणनीतिक दिशा और गवर्नेंस को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि समूह का मूल उद्देश्य पहले की तरह ही है. एक तरफ परोपकार और दूसरी तरफ राष्ट्र निर्माण. नेतृत्व और व्यक्तियों की स्वतंत्रता भी आगे जारी रहेगी.
हालांकि, उन्होंने बड़े प्रोजेक्ट्स को लागू करने के तरीके पर सवाल उठाए. नोएल टाटा के मुताबिक, समस्या रणनीति की दिशा में नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारने के तरीके में हो सकती है.
उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए अनुशासन जरूरी है. खासकर ऐसे प्रोजेक्ट्स में जिनका पूरा होने का समय लंबा होता है. इनके लिए पूंजी का आवंटन कैसे किया जाए और तय लक्ष्यों के मुताबिक काम कैसे पूरा हो, इस पर गंभीरता से ध्यान देना होगा.
भारत के विकास में साझेदार है टाटा समूह
नोएल टाटा ने कहा कि टाटा समूह लंबे समय से भारत के विकास में साझेदार रहा है. उन्होंने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बैटरी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समूह इन क्षेत्रों में देश के लिए महत्वपूर्ण काम कर रहा है.
टाटा ट्रस्ट्स की जिम्मेदारी संभालने के शुरुआती अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश के वंचित तबकों की समस्याओं की गहराई और उनकी मदद करने की संभावनाओं ने उन्हें काफी प्रभावित किया. उनके मुताबिक, समाज के कमजोर वर्गों की मदद करने के लिए अभी बहुत बड़ा अवसर मौजूद है.
यह भी पढ़ें | 16 साल बाद नोएल टाटा ने छोड़ा टाटा इन्वेस्टमेंट के चेयरमैन का पद, बहराम वकील संभालेंगे कमान
यह भी पढ़ें | नोएल टाटा की वोल्टास में खत्म हुई चेयरमैन की पारी, जानिए अब कौन संभालेगा जिम्मेदारी, आगे किस बदलाव की बारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं