विज्ञापन

एशिया में भारत की ताकत बढ़ी, अमेरिका-चीन के बाद तीसरे नंबर पर पहुंचा, जापान को छोड़ा पीछे

लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत 40.5 अंकों के साथ अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रहा है. भारत ने जापान और रूस को पीछे छोड़ा है. भविष्य के संसाधनों, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा सहयोग और सांस्कृतिक पहुंच में सुधार से एशिया में भारत की स्थिति मजबूत हुई है.

एशिया में भारत की ताकत बढ़ी, अमेरिका-चीन के बाद तीसरे नंबर पर पहुंचा, जापान को छोड़ा पीछे
एशिया में भारत की बढ़ती ताकत पर मुहर
नई दिल्ली:

एशिया में भारत की ताकत और प्रभाव बढ़ा है. ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत को तीसरा स्थान मिला है. इस लिस्ट में भारत ने जापान और रूस को पीछे छोड़ दिया है. अमेरिका और चीन पहले और दूसरे स्थान पर हैं. रिपोर्ट में भारत को मेजर पावर का दर्जा दिया गया है. लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत को 100 में से 40.5 अंक मिले हैं. यह पिछले साल के मुकाबले 0.5 अंक ज्यादा है. वहीं, अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है.

भारत और चीन के बीच घटा शक्ति का अंतर

रिपोर्ट में एक अहम बात यह सामने आई है कि भारत और चीन के बीच ओवरऑल पावर का अंतर 2018 में एशिया पावर इंडेक्स की शुरुआत के बाद सबसे कम हो गया है. हालांकि, चीन की कुल शक्ति अब भी भारत से करीब 80 फीसदी ज्यादा आंकी गई है. भारत ने आर्थिक और घरेलू चुनौतियों के बावजूद क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाया है. रक्षा सहयोग, कूटनीतिक सक्रियता और सांस्कृतिक पहुंच ने इसमें अहम भूमिका निभाई है.

यह भी पढ़ें | भारत एकमात्र देश, जहां पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं के बराबर बढ़े! पेट्रोलियम मंत्री बोले- 4 साल में कम ही हुए रेट

भविष्य के संसाधनों में भारत तीसरे स्थान पर

भारत का सबसे अच्छा प्रदर्शन फ्यूचर रिसोर्सेज की कैटेगरी में रहा है. इसमें भारत को 56.2 अंक के साथ तीसरा स्थान मिला है. आर्थिक विकास की संभावनाओं के बेहतर आकलन से इस श्रेणी में भारत का स्कोर बढ़ा है. आर्थिक क्षमता के मामले में भी भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है. हालांकि, इस श्रेणी में भारत का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया है. रिपोर्ट के अनुसार, रुपये की कमजोरी और आईएमएफ की अर्थव्यवस्थाओं के आकलन के मेथड में बदलाव का असर भारत की सापेक्ष जीडीपी स्थिति पर पड़ा है. इसके अलावा, देश से बाहर होने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट का भी उल्लेख किया गया है.

कूटनीतिक प्रभाव और रक्षा सहयोग में भी सुधार

भारत के कूटनीतिक प्रभाव को उसकी प्रमुख ताकतों में शामिल किया गया है. इस कैटेगरी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं और वह चौथे स्थान पर है. रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में भी सुधार दर्ज किया गया है. इसमें उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है. रक्षा नेटवर्क के मामले में भारत ने दो स्थान की छलांग लगाई है और नौवें स्थान पर पहुंच गया है. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को इस सुधार की प्रमुख वजह बताया गया है. आर्थिक संबंधों के मामले में भी भारत की स्थिति बेहतर हुई है. इस कैटेगरी में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पायदान पर पहुंच गया है.

सांस्कृतिक प्रभाव में भी भारत की स्थिति मजबूत

रिपोर्ट में भारत के सांस्कृतिक प्रभाव में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. संस्कृति, सूचना के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क, तीनों क्षेत्रों में भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है. लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स एशियाई देशों की ताकत और प्रभाव का आकलन करता है. इसके लिए आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, राष्ट्रीय लचीलापन, भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे आठ पैमानों का इस्तेमाल किया जाता है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Business News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com