विज्ञापन

'लोग क्या कहते हैं, यह मेरे हाथ में नहीं', बाबर आजम ने आलोचकों को दिया करारा जवाब

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने लगातार होने वाली आलोचना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह लोगों की बातों पर नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन और टीम की जीत पर ध्यान देते हैं.

'लोग क्या कहते हैं, यह मेरे हाथ में नहीं', बाबर आजम ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
Babar Azam
NDTV

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का कहना है कि वह मैदान और अभ्यास में अपना 100 प्रतिशत देने पर विश्वास रखते हैं और बाहरी शोर-शराबे को अपने खेल पर असर नहीं डालने देते. उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान केवल उन चीजों पर रहता है जो उनके कंट्रोल में हैं. उपमहाद्वीप के सबसे ज्यादा निगरानी और आलोचना झेलने वाले क्रिकेटरों में शामिल बाबर को अक्सर अपने प्रदर्शन को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है. हालांकि, पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का कहना है कि उन्होंने बाहरी राय को नजरअंदाज करना सीख लिया है.

DP World ILT20 2026 में डेज़र्ट वाइपर्स की ओर से खेलने जा रहे बाबर ने पीटीआई से कहा, 'जब भी मैं क्रिकेट खेलता हूं, चाहे प्रोफेशनल क्रिकेट हो या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, मेरा पूरा ध्यान इस बात पर होता है कि मैं अच्छा प्रदर्शन कैसे करूं, टीम को मैच कैसे जिताऊं और उसमें अपना योगदान कैसे दूं.' उन्होंने आगे कहा, "मैं मैदान पर और अभ्यास सत्रों में अपना 100 प्रतिशत देता हूं, चाहे लोग कुछ भी कहें.'

आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबर ने कहा, 'हर किसी की अपनी राय और टिप्पणियां होती हैं. कई लोग तारीफ भी करते हैं. दूसरे लोग क्या कह रहे हैं, यह मेरे हाथ में नहीं है. लेकिन मैदान पर मैं क्या कर सकता हूं, यह मेरे हाथ में है. मैं ज्यादा बातें सुनने के बजाय खुद पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं.'

हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया पर बाबर की तकनीक को लेकर कुछ सुझाव दिए थे. हालांकि बाबर का कहना है कि वह हर सलाह पर ध्यान नहीं देते और केवल उन लोगों से चर्चा करते हैं जिन पर उन्हें भरोसा है. उन्होंने कहा, 'बहुत से लोग हैं जिनसे मैं अपनी बात साझा कर सकता हूं. मैं अपने कोचों और पूर्व खिलाड़ियों जैसे करीबी लोगों से चर्चा करता हूं. वे हमेशा मुझे फायदेमंद सुझाव और उपयोगी बातें बताते हैं.'

पहली बार ILT20 खेलेंगे बाबर

बाबर आजम इस बार पहली बार ILT20 में खेलते नजर आएंगे. Desert Vipers की टीम में उनके साथ फखर जमान, हसन नवाज, शादाब खान और नसीम शाह भी शामिल हैं. टीम के माहौल को लेकर बाबर ने कहा, 'हमारी टीम बहुत अच्छी है और उसका संयोजन भी शानदार है. जब टीम का माहौल अच्छा होता है तो खिलाड़ी भी अच्छा महसूस करते हैं और बेहतर प्रदर्शन करते हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'मैं यहां आकर काफी उत्साहित हूं. जब मेरा चयन हुआ तो मैंने सोचा कि यह एक नई लीग है और मैं पहली बार इसमें खेलूंगा. मैं ILT20 को करीब से समझना चाहता था. यहां का स्तर बहुत ऊंचा है. दूसरी टीमों में दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी हैं, जो विभिन्न लीगों में खेलते हैं. जब भी आप किसी स्तर का क्रिकेट खेलते हैं तो कुछ नया सीखने की कोशिश करते हैं."

पांच पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मिलेगा फायदा

डेज़र्ट वाइपर्स में पांच पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मौजूदगी को बाबर ने टीम के लिए फायदेमंद बताया. उन्होंने कहा, 'हमारी टीम में पांच पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं और इससे काफी आत्मविश्वास मिलता है. हम एक-दूसरे की सोच को अच्छी तरह समझते हैं और साथ में काफी क्रिकेट खेल चुके हैं. सबसे अहम बात यह है कि हम अपने अनुभव और समझ का इस्तेमाल टीम को जीत दिलाने में कैसे करें.'

'चाहे बल्लेबाजी हो और मेरे साथ फखर जमान या हसन नवाज हों, या फिर गेंदबाजी में शादाब और नसीम हों, हम लगातार यही योजना बनाते हैं कि किस तरह Desert Vipers को जीत दिला सकते हैं. उम्मीद है कि हमारी संयुक्त रणनीति टीम के लिए अच्छे नतीजे लाएगी.'

यह भी पढ़ें-  'मेरी चुप्पी को कमजोरी न समझें,' पृथ्वी शॉ ने बिना नाम लिए योगराज सिंह को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

यह भी पढ़ें-  विराट ने सेंचुरी नहीं बनाई, फिर भी PAK के खिलाफ पलट दी थी बाजी, ऐसा था मैच का रोमांच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Mohammad Babar Azam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com