विज्ञापन

क्रुणाल से 5 साल पहले विवाद के बाद फिर बड़ौदा लौटे दीपक हुड्डा, पांड्या की यह बात लग गई थी दिल पर, घरेलू रणजी टीम छोड़ गए थे

करीब पांच साल पहले हार्दिक के बड़े भाई क्रुणाल पांड्या पर दीपक हुड्डा आरोप लगाकर राजस्थान के लिए खेलने चले गए थे. अब वह फिर से बड़ौदा के लिए रणजी ट्रॉफी खेलेंगे

क्रुणाल से 5 साल पहले विवाद के बाद फिर बड़ौदा लौटे  दीपक हुड्डा, पांड्या की यह बात लग गई थी दिल पर, घरेलू रणजी टीम छोड़ गए थे
दीपक हुड्डा और क्रुणाल पांड्या की फाइल फोटो
Source: X
नयी दिल्ली:

करीब पांच साल पहले टीम इंडिया के लिए खेल चुके दीपक हुड्डा की हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल पांड्या के साथ मैदान पर ऐसा विवाद हुआ कि हुड्डा ने बड़ौदा छोड़कर दूसरे राज्य के लिए खेलने का फैसाल कर लिया, लेकिन हुड्डा एक बार फिर से अपने गृहराज्य  के लिए खेलने के लिए तैयार हैं. दरअसल पांच साल पहले हुड्डा ने क्रुणाल पर उन्हें अपमानित करने और खराब बर्ताव के आरोप लगाए  थे. जब राज्य एसोसिएशन का उन्हें साथ नहीं मिला, तो दीपक ने राजस्थान के लिए खेलने का फैसला किया. इस पर उन्हें बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने अनुशासनहीनता के कारण निलंबित कर दिया था. हुड्डा ने  साल 2021 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के पहले मैच से ठीक पहले टीम होटल और 'बायो-बबल' छोड़ दिया था.दीपक ने आरोप लगाया था कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान पांड्या ने उनके साथ बदसलूकी की थी.

दीपक की 'घर वापसी' पर बीसीए के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर स्नेहल पारिख ने गुरुवार को बताया, 'हुड्डा, पांड्या और एसोसिएशन के बीच पुरानी सभी शिकायतें सुलझा ली गई हैं. दीपक घरेलू क्रिकेट में फिर से बड़ौदा के लिए खेलने जा रहे हैं. उन्हें बड़ौदा से सब कुछ मिला और अब वे हमारे लिए फिर से खेलने आए हैं. मैं कहूंगा कि कोई समस्या नहीं थी, लेकिन अगर कोई समस्या थी, तो मुझे लगता है कि अब वे सुलझा ली गई हैं.'

भारत के लिए खेल चुके हैं 10 वनडे

हुड्डा शानदार ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. उन्होंने भारत के लिए 10 वनडे और 21 टी20 मैच भी खेले हैं, जिससे बड़ौदा की टीम को काफी अनुभव मिलेगा। आईपीएल में, दीपक हुड्डा राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं.  अब तक, हुड्डा ने 45.39 की औसत से 4,267 फर्स्ट-क्लास रन बनाए हैं. इसमें 14 शतक शामिल हैं. इसके अलावा, उन्होंने टी20 क्रिकेट में लगभग 3,972 रन और लिस्ट-ए क्रिकेट में 3,340 रन बनाए हैं.

जितेश शर्मा को सिर्फ व्हाइट-बॉल फॉर्मेट की 'इजाजत'

इसके साथ ही स्नेहल ने यह भी कन्फर्म किया कि विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा गेस्ट प्लेयर के तौर पर बड़ौदा के लिए खेलना जारी रखेंगे, लेकिन सिर्फ व्हाइट-बॉल मैचों में, जबकि तेज गेंदबाज रसिक सलाम सभी फॉर्मेट में खेलते रहेंगे. उन्होंने कहा, 'जितेश सिर्फ व्हाइट-बॉल मैच खेलेंगे, तो रसिक सभी फॉर्मेट में खेलेंगे.' बीसीए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल को भी अपने बैकरूम स्टाफ में शामिल कर रहा है, जो वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deepak Jagbir Hooda, Krunal Himanshu Pandya, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com