22 नवंबर 2022 को भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम की जर्सी में अपना आखिरी मैच खेला था. इन बीते चार वर्षों में कई तेज गेंदबाज टीम इंडिया में आए और धीरे-धीरे भुवनेश्वर का नाम गुमनाम होता चला गया.सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में भी भुवनेश्वर के नाम पर चर्चा होनी बंद हो गईं. हालांकि, भुवनेश्वर की कड़ी मेहनत लगातार जारी रही और वह अपने काम में लग रहे. निरंतरता के साथ की गई उस मेहनत का इनाम ही है कि भुवनेश्वर चार साल बाद भारतीय टीम में 36 साल की उम्र में वापसी करने में सफल रहे हैं. भुवी की वापसी से फैन्स काफी खुश हैं तो उनकी वाइफ नुपुर नागर काफी इमोशनल हैं. नुपुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रिएक्ट किया है. नुपुर ने फैन्स और उन सभी लोगों को शुक्रिया कहा है जिन्होंने भुवी को सपोर्ट करते हैं. नुपुर ने टीम इंडिया की तस्वीर पर 'शुक्रिया' लिखा है.

भुवी की वापसी की कहानी
भुवनेश्वर की दोबारा भारतीय टीम में वापसी होगी, ऐसी उम्मीद हर किसी ने छोड़ ही दी थी। कई क्रिकेट पंडित तो भुवनेश्वर के रिटायरमेंट के ऐलान की राह देखने लगे थे. हालांकि, भुवनेश्वर ने बिना किसी बयानबाजी के अपनी गेंदबाजी को निखारना जारी रखा। आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए कुल 17 विकेट निकाले। विकेट चटकाने से ज्यादा भुवनेश्वर कुमार की अंत के ओवरों में कमाल की गेंदबाजी ने हर किसी का ध्यान खींचा और उन्होंने आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
आईपीएल 2026 तो भुवनेश्वर के लिए और भी उम्दा रहा। भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन खेले 16 मुकाबलों में 17.89 की औसत से 28 विकेट निकाले और टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। भुवनेश्वर की गेंदबाजी आरसीबी के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की वजह बनी. लगातार दो आईपीएल सीजन में कमाल की गेंदबाजी के चलते भुवनेश्वर के टीम इंडिया में कमबैक को लेकर मांगें उठने लगीं। भुवनेश्वर ने अपने दमदार प्रदर्शन से सिलेक्टर्स पर भी दबाव बनाया.
इसके बाद यूपी टी20 लीग 2026 में भी भुवनेश्वर अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में 6.11 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 11 मुकाबलों में कुल 14 विकेट चटकाए. इसके साथ ही अपनी कप्तानी में भुवी ने लखनऊ फॉल्कंस को फाइनल तक भी पहुंचाया।. यही वजह रही कि न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भुवनेश्वर चार साल बाद ही सही, लेकिन इसी टीम के खिलाफ टीम इंडिया की जर्सी में वापसी करेंगे. अपनी स्विंग के दम पर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में घातक साबित हो सकते हैं. 36 साल की उम्र में भुवनेश्वर ने वापसी करके यह दिखाया कि अगर लड़ने का जज्बा जिंदा रखा जाए, तो कामयाबी देर से सही, लेकिन कदम जरूर चूमती है.
यह भी पढ़ें | आईसीसी टी20 रैंकिंग में वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर ने लगाई छलांग, शुभमन गिल वनडे लिस्ट में टॉप पर
यह भी पढ़ें | फिटनेस का सीक्रेट हथियार! कोहली-रोहित की पीठ पर लगी मशीन क्या करती है?
यह भी पढ़ें | अजीत अगरकर की विदाई पर कोच गौतम गंभीर का पहला रिएक्शन, बोले- इतिहास हमेशा...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं