Azmatullah Omarzai Fastest T20I Fifty for Afghanistan: एशिया कप 2025 का पहला मुकाबला अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई के लिए यादगार रहा. हांगकांग के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उमरजई ने विस्फोटक अर्धशतक लगाया. उनके अर्द्धशतक की मदद से अफगानिस्तान 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाने में सफल रहा. अजमतुल्लाह ने आउट होने से पहले आयुष शुक्ला के ओवर में लगातार तीन छक्के लगाए और फिर ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने अपना अर्द्धशतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने गेंद से भी सफलता हासिल की. अजमतुल्लाह उमरजई ने पहले ही मैच में अफगानिस्तान के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
अजमतुल्लाह का बड़ा रिकॉर्ड (Azmatullah Omarzai Fastest T20I Fifty for Afghanistan)
अजमतुल्लाह उमरजई अब अफगानिस्तान की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय टी20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. शेख जायद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अजमतुल्लाह उमरजई ने 20 गेंद पर अर्धशतक लगाया. अंतर्राष्ट्रीय टी20 में अफगानिस्तान के किसी भी बल्लेबाज का लगाया यह सबसे तेज अर्धशतक है. उमरजई 21 गेंद पर 5 छक्के और 2 चौके की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए.
Azmatullah Omarzai has lift off at Asia Cup 2025 🚀
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) September 9, 2025
Watch #AFGvHKC, LIVE NOW on the Sony Sports Network TV Channels & Sony LIV.#SonySportsNetwork #DPWorldAsiaCup2025 #ACCMensAsiaCup2025 pic.twitter.com/0Qp3zEXpYK
इससे पहले अफगानिस्तान की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड मोहम्मद नबी और गुलाबदीन नायब के नाम था. नबी ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 21 गेंद पर अर्धशतक लगाया था. जबकि गुलाबदीन नायब ने भी 21 गेंद पर ही 2024 में भारत के खिलाफ अर्धशतक लगाया था.
अफगानिस्तान का जीत से आगाज
एशिया कप 2025 के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने हांगकांग पर बड़ी जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया है. अफगानिस्तान ने हांगकांग को जीत के लिए 189 रन का लक्ष्य दिया था. हांगकांग 20 ओवर में 9 विकेट पर 94 रन बना सकी और 94 रन से मैच गंवा बैठी.
189 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की शुरुआत बेहद खराब रही. 22 के स्कोर पर ही टीम ने अपने शीर्ष 4 विकेट गंवा दिए. हांगकांग के लिए मैच यहीं खत्म हो चुका था. बाद के ओवरों में हांगकांग के बल्लेबाज सिर्फ 20 ओवर क्रीज पर रूकने के उद्देश्य से खेलते हुए नजर आए.
बाबर हयात एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे, जो अफगानिस्तान के गेंदबाजों का सामना कर सके. बाबर 43 गेंद पर 3 छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए. इसके अलावा सभी फ्लॉप रहे. अफगानिस्तान के लिए गुलाबदीन नायब ने 3 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए. फजलहक फारूखी ने 2, उमरजई, राशिद खान और नूर अहमद ने 1-1 विकेट लिए. दो बल्लेबाज रन आउट हुए.
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 26 के स्कोर पर गुरबाज और इब्राहिम जादरान के अहम विकेट गंवा दिए थे. सेदिकुल्लाह अटल के 52 गेंद पर नाबाद 73 और अजमतुल्लाह उमरजई के 21 गेंदों पर खेली गई 53 रन की विस्फोटक पारी और इन दोनों के बीच 35 गेंद पर 82 रनों की दमदार साझेदारी की बदौलत अफगानिस्तान ने 6 विकेट पर 188 रन बनाए.
(आईएएनएस से इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: Asia Cup 2025: दुबई में कैसा है भारत का T20I रिकॉर्ड, किसके नाम हैं सबसे अधिक रन, किसने झटके हैं सर्वाधिक विकेट
यह भी पढ़ें: Asia Cup 2025: "हम निश्चित रूप से भारत को..." UAE के कप्तान ने मैच से पहले सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी को दी वाॉर्निंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं