मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है. पहले राउंड के मुकाबलों में भारतीय स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, सरफराज खान और तुषार देशपांडे जैसे दिग्गज 42 बार की चैंपियन सिद्धेश लाड की अगुवाई में एक्शन में दिखेंगे. सिद्धेश का यह बतौर कप्तान पहला सीजन होगा. वहीं सिर्फ 19 साल के युवा खिलाड़ी आयुष म्हात्रे को उनका डिप्टी बनाया गया है. हालांकि, टीम से एक बड़ा नाम गायब रहा और वो हैं पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव. न्यूज एजेंसी पीटीआई की मानें तो सूर्यकुमार यादव के प्री-सीज़न कैंप में लगातार शामिल न होने की वजह से उन्हें मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में जगह नहीं मिली.
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सूत्रों के हवाले से एजेंसी ने दावा किया कि पूर्व भारतीय कप्तान ने टीम की घोषणा से पहले प्री-सीजन ट्रेनिंग में बिल्कुल भी हिस्सा नहीं लिया. हालांकि, उन्होंने खुद को उपलब्ध बताया था. मुंबई के रेड-बॉल खिलाड़ी पिछले एक महीने से ट्रेनिंग कर रहे हैं और मंगलवार को भी क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के बीकेसी ग्राउंड पर उनकी प्रैक्टिस जारी रही.
सूत्र ने कहा,"आखिरकार, यह एक टीम गेम है. उनके पास रेड-बॉल का कोई हालिया अनुभव नहीं है और सूर्यकुमार के बारे में सभी का एक ही फैसला था." उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसा नहीं होता, तो सेलेक्टर्स को किसी युवा खिलाड़ी को बाहर करना पड़ता, जो "सही नहीं लगता". रिपोर्ट में दावा है कि लगभग 10 दिन पहले जब मुंबई टीम में चयन के लिए सूर्यकुमार से संपर्क किया गया था, तब भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था और बाद में खुद को उपलब्ध बताया था. मुंबई 11-14 अक्टूबर को वानखेड़े स्टेडियम में अपने सीजन के पहले मैच में चंडीगढ़ का सामना करेगी.
मुंबई टीम में चयन के दरवाजे सूर्यकुमार के लिए पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. उन्हें आखिरी बार आईपीएल के ठीक बाद T20 मुंबई लीग में खेलते देखा गया था. टीम में वापसी की दौड़ में शामिल होने के लिए उन्हें एमसीए द्वारा आयोजित क्लब क्रिकेट, जैसे कि पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड टूर्नामेंट, में खेलना होगा.
हालांकि, सूर्यकुमार की व्हाइट-बॉल टीम में दावेदारी को लेकर स्थिति वैसी ही बनी हुई है. मुंबई के सेलेक्टर्स ने 36 वर्षीय खिलाड़ी को बता दिया है कि उन पर 2026-27 सीजन में होने वाले घरेलू टूर्नामेंट के लिए विचार किया जाएगा. सूर्यकुमार, जिनकी कप्तानी में भारत ने इस साल अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था, मुंबई की कप्तानी कर सकते हैं, लेकिन ऐसा तभी होगा जब नेशनल टीम में उनकी जगह लेने वाले श्रेयस अय्यर उपलब्ध न हों.
वहीं, मुंबई के पूर्व कप्तान और भारत के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर कम से कम एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं. ट्रेनिंग के दौरान हाथ में चोट लगने के कारण वे रणजी ट्रॉफी के कुछ मैच नहीं खेल पाएंगे. इस सीजन में सिद्धेश लाड मुंबई की कप्तानी करेंगे. रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के लिए टीम में भारत के बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल और सरफ़राज़ खान के साथ-साथ शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे जैसे रेगुलर खिलाड़ी भी शामिल होंगे, जो हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में भारत A की 1-0 से जीत का हिस्सा थे.
यह भी पढ़ें: विश्व कप से एशियन गेम्स गोल्ड तक... हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने छुआ सफलता का शिखर
यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर के बाद कौन संभालेगा कमान? कप्तानी की रेस में ये 3 नाम सबसे आगे, नंबर-1 लगभग तय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं