प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील का असर अब देश के आयात आंकड़ों में साफ दिखने लगा है. कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत के सोना आयात बिल में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट आई है और देश ने लगभग 16.46 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बचाई है.
अप्रैल-अक्टूबर में 24.78 अरब डॉलर रहा सोना आयात
कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने इस बदलाव का स्वागत करते हुए कहा कि अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान देश का सोना आयात 41.24 अरब डॉलर से घटकर 24.78 अरब डॉलर रह गया है. इससे भारत को करीब 16.46 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है.
अक्टूबर में 62.6% लुढ़का गोल्ड इंपोर्ट
आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में सोने के आयात में और भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. अक्टूबर 2025 में जहां 14.72 अरब डॉलर का सोना आयात हुआ था, वहीं अक्टूबर 2026 में यह घटकर 5.51 अरब डॉलर रह गया, जो सालाना आधार पर लगभग 62.6 प्रतिशत की गिरावट है.
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में हुए एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का असर इन आंकड़ों में स्पष्ट नजर आ रहा है. उन्होंने इसे उपभोक्ताओं में बढ़ती "नेशन फर्स्ट" भावना का उदाहरण बताया.
पिछले सालों के मुकाबले क्या है रुझान?
कैट महासचिव ने याद दिलाया कि हाल के वर्षों में भारत का सोना आयात लगातार ऊंचे स्तर पर रहा है. वित्त वर्ष 2025-26 में देश ने लगभग 71.98 अरब डॉलर मूल्य का सोना आयात किया था, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 58.01 अरब डॉलर था.मौजूदा रुझानों के आधार पर कैट का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत का कुल सोना आयात घटकर 35-40 अरब डॉलर के दायरे में रह सकता है, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले काफी कम होगा.
सोने की खरीदारी कम होने से देश को बड़ा फायदा
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भार्तिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल सोने की खरीद कम करने तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि इसका मकसद राष्ट्रीय हित में विवेकपूर्ण उपभोग को बढ़ावा देना भी था. उनके मुताबिक, लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया यह दिखाती है कि देश की आर्थिक प्राथमिकताओं को लेकर जागरूकता बढ़ रही है.
वहीं, ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोना भारतीय संस्कृति, विवाह परंपरा, पारिवारिक बचत और सामाजिक जीवन का अहम हिस्सा है, लेकिन देश की मांग का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होने के कारण विदेशी मुद्रा पर भारी दबाव पड़ता है. उनके अनुसार, सोने की खरीद में संयम बरतने से विदेशी मुद्रा भंडार के बेहतर प्रबंधन, व्यापार घाटे को नियंत्रित रखने और देश की समग्र आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें | 'प्रधानमंत्री जी, आपने हमें बहुत बड़े नुकसान से बचाया', सोने की गिरावट के बीच CTI ने PM मोदी को लिखा 'थैंक्य
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं