- पीएम मोदी और नेपाली पीएम बालेन शाह अयोध्या से जनकपुर तक सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे
- यह ट्रेन सेवा 28 नवंबर से अयोध्या और जनकपुर के बीच 604 किलोमीटर दूरी को लगभग 19 घंटे में पूरा करेगी
- ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी, सोमवार शाम अयोध्या से रवाना होकर मंगलवार दोपहर जनकपुर पहुंचेगी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह आज अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. दोपहर 12:00 से 12:30 बजे के बीच अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच इस रेल सेवा का शुभारंभ होगा. दोनों प्रधानमंत्री नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मौके पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहेंगे.
अधिकारियों ने बताया है कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली और नेपाल के जनकपुर में माता सीता की जन्मस्थली को जोड़ने वाली यह रेल सेवा यात्रियों के लिए 28 नवंबर से शुरू होगी. अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी ट्रेन से लगभग 19 घंटे में तय की जा सकेगी. इस दौरान यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधे रेल संपर्क को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो नगरों का नहीं बल्कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत, आस्था और परंपराओं का संबंध है.

सीएम ने इस रेल सेवा को रामायण कालीन संबंधों को नई मजबूती देने वाला बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास और गहरा होगा. इससे श्रद्धालुओं को राम-जानकी से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा करने में सहूलियत होगी.
अधिकारियों ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन 17 कोच वाले आधुनिक एलएचबी रैक से किया जाएगा. इसमें वातानुकूलित, शयनयान और अन्य श्रेणियों के कोच शामिल होंगे. ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है.
इस रेल सेवा से रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: जयशंकर ने की नेपाल के पीएम बालेन शाह से मुलाकात, विदेश मंत्री बोले-कल की मुलाकात का इंतजार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं