ओमान में मस्कट के पास अल अमरात में शनिवार को खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में, भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए एक रोमांचक जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया. 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए आर्यवीर सहवाग ने कहा कि टीम को हमेशा से विश्वास था कि वे इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे. 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, भारत ने 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 339 रन बनाए. आखिरी गेंद पर मोहित उलवा ने विजयी चौका जड़ा. कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रनों की संयमित पारी खेलकर टीम को आगे बढ़ाया, जबकि मनाल चौहान और उलवा के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी ने भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा.
मैच के बाद आर्यवीर से पोस्ट मैच के दौरान पूछा गया था कि रन-चेज़ से पहले ड्रेसिंग रूम में क्या बातचीत हुई थी? इस पर उन्होंने कहा,"हमने बात की कि विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा है और यह कोई बहुत बड़ा स्कोर नहीं है. अगर हम बस सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करें और अपने पारंपरिक शॉट्स खेलें, तो हम इस लक्ष्य तक पहुंच जाएंगे. और हमें हमेशा पूरा भरोसा था कि हम इसे हासिल कर लेंगे."
भारतीय टीम को जीत के लिए 338 का लक्ष्य मिला था, यह आसान नहीं था. ऐसे में क्या सहवाग ने अपना गेम प्लान बदला, इस पर आर्यवीर ने कहा,"नहीं, बिल्कुल नहीं. हम अपनी टीम मीटिंग्स में इस बारे में बात करते हैं कि आखिरी 10 ओवरों में 100 या 120 रन कैसे चेज किए जा सकते हैं, क्योंकि विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत बढ़िया था. इसलिए किसी एक बल्लेबाज को अंत तक टिके रहना था. और लक्ष्य ने बिल्कुल वैसा ही किया. उसे सलाम! और जाहिर है, अंत में मोहित और मनाल ने जो किया, वह वाकई कमाल का था - उन्हें भी सलाम."
भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. उन्होंने चार मैचों में 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. भारत की पारी की शुरुआत आर्यवीर और रायचंदानी के बीच 95 रनों की ओपनिंग साझेदारी से हुई. ऑफ-साइड पर खेलते समय अली रज़ा की एक गेंद आर्यवीर के दाहिने हाथ पर लग गई थी, लेकिन वे वापस लौटे और 61 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 58 रन बनाए.
इसके बाद रायचंदानी ने 101 गेंदों में 80 रन बनाकर पारी को संभाला, लेकिन पाकिस्तान लगातार अंतराल पर विकेट लेता रहा. 37वें ओवर में रायचंदानी और अन्वय द्रविड़ के आउट होने से भारत मुश्किल में आ गया, और इसके बाद आर्यन सवसानी और काव्या पटेल के विकेट भी गिर गए. अंत में, चौहान और उलवा ने 57 रनों की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई. चौहान ने 32 गेंदों पर शानदार 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे, जबकि उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे.
चौहान ने बताया कि जब उल्वा क्रीज पर उनके साथ आए, तो उन्होंने अपना ध्यान बनाए रखा. उन्होंने याद किया कि कैसे उल्वा ने उनके साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करने के प्रति भरोसा जताया था. उन्होंने कहा,"मैं पूरी तरह से फोकस्ड था. उस समय उल्वा बल्लेबाजी करने आए. उन्होंने बस इतना कहा कि हम लक्ष्य हासिल कर सकते हैं. बस अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखो, खुद पर विश्वास रखो."
फिनिशर की भूमिका निभाने के लिए कोचिंग स्टाफ द्वारा जताए गए भरोसे पर बात करते हुए, चौहान ने पूरे टूर्नामेंट में उनका समर्थन करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा,"हां, इसके लिए मैं सपोर्ट स्टाफ को भी धन्यवाद देना चाहूंगा. उन्होंने एक फिनिशर के रूप में मुझ पर विश्वास किया, और कोच ने भी मुझ पर बहुत भरोसा जताया. उन्होंने अंत तक मेरा साथ दिया. उन्होंने मुझसे बस एक ही बात कही थी - जब आप मैदान पर जाएं, तो बस खेल का आनंद लें और अपना स्वाभाविक खेल खेलें."
चौहान ने यह भी बताया कि उन्होंने लक्ष्य का पीछा कैसे किया. जब वे क्रीज पर आए, तब भारत को 100 से अधिक रनों की जरूरत थी और आवश्यक रन रेट लगभग 10 के आसपास था. उन्होंने कहा,"उस समय, मुझे बस खुद पर भरोसा था. मैं साथ-साथ हिसाब भी लगा रहा था. मुझे लगा कि अगर मैं हर ओवर में कम से कम एक बाउंड्री लगा लूं और चार सिंगल ले लूं, तो हम आसानी से 10 रन प्रति ओवर का रन रेट बनाए रख सकते हैं. इसलिए, मेरे दिमाग में बस यही था कि हर ओवर में कम से कम एक अच्छा शॉट जरूर खेलूं."
आखिरकार, 47वें ओवर में चौहान 47 रन बनाकर आउट हो गए. उस समय भारत को जीत के लिए और रनों की जरूरत थी और केवल एक विकेट बचा था. उन्होंने माना कि उस स्थिति के दबाव का उन पर असर पड़ा था और लक्ष्य को पूरा न कर पाने के कारण वे भावुक हो गए थे.
उन्होंने कहा,"हां, उस समय मैं खुद पर कुछ ज्यादा ही दबाव डाल रहा था. जब मैं वापस गया, तो मेरी आंखों में आंसू भी आ गए थे, क्योंकि ऐसे मौके बार-बार नहीं मिलते, और हम जीत के कितने करीब पहुंच गए थे."
इसके बाद उल्वा और चिगुरुपति वेंकटा ने आखिरी ओवरों में अपना संयम बनाए रखा. भारत को आखिरी ओवर में आठ रन और आखिरी गेंद पर तीन रनों की जरूरत थी. कुछ सिंगल लेने और स्टंपिंग की अपील से बचने के बाद, उल्वा ने अहमद हुसैन की आखिरी गेंद पर शॉट खेला और उसे बाउंड्री के पार भेजकर एक यादगार जीत पक्की कर दी.
इससे पहले, उस्मान खान के शतक और अब्दुल कादिर तथा कप्तान फरहान यूसुफ के अहम योगदान की बदौलत पाकिस्तान ने 337/9 का स्कोर खड़ा किया था. उस्मान ने 111 गेंदों पर 107 रन बनाए, जबकि कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन और यूसुफ ने 63 रन जोड़े.
यह भी पढ़ें: 'इंडिया के आगे दो टके का सिस्टम नहीं हमारा,' भारत की जीत के बाद पाकिस्तान में हाहाकार, भड़के तनवीर अहमद
यह भी पढ़ें: U19 Asia Cup 2026 Prize Money: चैंपियन भारत और रनर-अप पाकिस्तान को कितनी मिलेगी इनामी राशि?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं