विज्ञापन

बांस की बैरिकेडिंग, रंग-बिरंगी पेंटिंग और टेंट... दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1,482 घाट तैयार

दिल्ली में आईटीओ के हाथी घाट पर बांस के ढांचे बनाने से लेकर मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबे हिस्से तक... 15 और 16 नवंबर को होने वाले मुख्य छठ अनुष्ठानों के लिए पूरे दिल्ली में तैयारियां चल रही हैं.

बांस की बैरिकेडिंग, रंग-बिरंगी पेंटिंग और टेंट... दिल्ली में छठ पूजा के लिए 1,482 घाट तैयार
दिल्ली में बड़े स्तर पर छठ की तैयारी है.
NDTV

Chhath 2026: यमुना किनारे बांस के ढांचे तैयार किए जा रहे हैं, घाटों की दीवारों पर छठ पूजा की रस्मों को दर्शाती रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई गई हैं और श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी टेंट लगाए जा रहे हैं. दिल्ली अपने सबसे बड़े त्योहारों में से एक के लिए पूरी तरह तैयार है. छठ पूजा के लिए लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए दिल्ली सरकार 996 जगहों पर 1,482 घाट तैयार कर रही है. इनमें मुनक नहर के किनारे हाल ही में शुरू किया गया 11 किलोमीटर लंबा हिस्सा भी शामिल है. चार दिनों तक चलने वाला यह त्योहार शुक्रवार को शुरू हुआ और सोमवार को संपन्न होगा. श्रद्धालु 15 नवंबर को डूबते सूरज को और अगली सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देंगे.

सरकार के मुताबिक, इन तैयारियों में 81 स्थायी घाट, 1,372 अस्थायी घाट और यमुना किनारे बने 29 घाट शामिल हैं. पूरी राजधानी में कुल 74 एजेंसियों को काम पर लगाया गया है और 155 तरह के कार्य सौंपे गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV
बुधवार को PWD और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने ITO स्थित हाथी घाट सहित कई घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य अनुष्ठानों से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छठ पूजा के 5 प्रमुख घाटों पर तैयारियां चल रही हैं.

1. हाथी घाट, ITO

आईटीओ के हाथी घाट पर कर्मचारी नदी के रेतीले किनारे पर बांस के ढांचे लगा रहे हैं, जिससे अस्थायी आश्रय (शेड) तैयार किए जा रहे हैं. यहां एक कृत्रिम तालाब भी बनाया गया है.

घाट की दीवारों को रंग-बिरंगे चित्रों से सजाया गया है. इन चित्रों में महिलाओं को सूर्य देव की पूजा करते हुए और छठ पूजा की अन्य रस्में निभाते हुए दिखाया गया है. स्थानीय छठ पूजा समिति के एक सदस्य के मुताबिक, कॉलेज के करीब 20 से 30 छात्रों ने तीन दिनों में ये पेंटिंग पूरी की हैं.

पानी के पास बांस की बाड़ और सुरक्षा रेलिंग लगाई गई है, जबकि घाट के पीछे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक मंच तैयार किया गया है. समिति ने उन जगहों के पास, जहां श्रद्धालु अपना सामान रखते हैं, अतिरिक्त चेंजिंग रूम, मेडिकल टीमें, सुरक्षा नावें और CCTV कैमरे लगाने की भी मांग की है.

2. सुर घाट, वजीराबाद

वजीराबाद में यमुना नदी के किनारे, श्रद्धालुओं के लिए जगह तय करने के मकसद से मजदूर बांस के खंभे और बैरिकेड लगा रहे हैं. इसके पास ही स्थित सुर घाट की मरम्मत का काम चल रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान यहां टूटे हुए गेट, जंग लगे ढांचे और खराब हालत में मौजूद सुविधाओं को देखा था, जिसके बाद मरम्मत का यह काम शुरू किया गया.

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ढांचों की मरम्मत करें, खराब पड़ी लाइटों को ठीक करें, शौचालयों की सफाई करवाएं और पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाएं.

3. सोनिया विहार घाट

सोनिया विहार में छठ पूजा के लिए मोर के आकार की एक रंग-बिरंगी नाव जैसी संरचना को रोशन किया गया है, जिसके बीचों-बीच प्रमुखता से 'जय छठी मैया' लिखा हुआ है. फूलों के डिजाइन और इस त्योहार से जुड़ी आकृतियों से सजी यह संरचना कई रंगों में जगमगा रही है और इसकी रोशनी पानी पर भी दिखाई दे रही है.

जीरो पुश्ता, 2.5 पुश्ता, 3.5 पुश्ता, 4.5 पुश्ता, मिलन गार्डन और चौहान पट्टी में भी तैयारियां चल रही हैं. स्थानीय समितियां पूजा के लिए जगह तैयार कर रही हैं. इसके साथ ही, रोशनी और वहां तक ​​पहुंचने की व्यवस्था भी कर रही हैं.

यमुना किनारे भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए, दूसरे पुश्ता, 3.5 पुश्ता और 4.5 पुश्ता के पास खाली पड़ी ज़मीन को पार्किंग के लिए तय किया गया है. संभावित भीड़ को कंट्रोल करने के लिए नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स वाले रास्ते पर ट्रैफिक पाबंदियां भी लगाई गई हैं.

4. वासुदेव घाट

वासुदेव घाट पर तैयारियों का मुख्य फोकस श्रद्धालुओं के लिए ज्यादा ढकी हुई जगह उपलब्ध कराने, लाइटिंग बेहतर करने और नदी किनारे साफ-सफाई बनाए रखने पर है.

एमसीडी मेयर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित भीड़ को देखते हुए वहां अतिरिक्त टेंट लगाए जाएं.

नगर निकाय ने बताया कि साफ-सफाई का काम और मच्छरों को कंट्रोल करने के लिए छिड़काव किया जा रहा है. इसके साथ ही, अधिकारियों को मुख्य अनुष्ठानों से पहले बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया है.

5. मुनक नहर घाट, शालीमार बाग

मुनक नहर के किनारे बना 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट, इस साल की सबसे बड़ी नई सुविधाओं में से एक है. इस पुनर्विकसित इलाके में पानी तक जाने के लिए कंक्रीट की सीढ़ियां बनाई गई हैं, किनारों पर पक्की सड़कें हैं और साथ ही चेंजिंग रूम, शौचालय और लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है.

सरकार के मुताबिक, पुनर्विकास के दौरान नहर के इलाके से करीब 1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाया गया. गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस सुविधा का उद्घाटन किया.

पुलिस ने मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और निगरानी के लिए करीब 10 वॉचटावर बनाए हैं. हालांकि, इस बड़े पुनर्विकास प्रोजेक्ट के कुछ हिस्से अभी भी अधूरे हैं.

तैनात किए जाएंगे 5 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी

मुख्य समारोहों के दौरान पूरी दिल्ली में पांच हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा. इसके अलावा, यमुना घाटों और भीड़-भाड़ वाली अन्य जगहों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी.

श्रद्धालुओं को निर्देशों का पालन करने में मदद करने के लिए, पुलिस मैथिली और भोजपुरी भाषाओं में सुरक्षा संबंधी घोषणाएं भी करेगी. दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के मौके पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है.

यह भी पढ़ें | 'छठ मैया की महिमा' का वो गाना, जिसे आशा भोसले ने दी थी आवाज, भूपेन हजारिका ने लिखे थे बोल, 47 साल पुराना गान

यह भी पढ़ें | कल्पना पटवारी का सुपरहिट बॉलीवुड सॉन्ग, 19 साल पहले अक्षय-कैटरीना ने बनाया हिट, 90% लोग होंगे अनजान

यह भी पढ़ें | छठ स्‍पेशल ट्रेनों में अब भी खाली हैं हजारों सीटें, फटाफट चेक कर बनवा लें कंफर्म टिकट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath 2026, Delhi, Chhath Puja, Chhath In Delhi, Chhath Preparation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com