विज्ञापन

'इंडिया के आगे दो टके का सिस्टम नहीं हमारा,' भारत की जीत के बाद पाकिस्तान में हाहाकार, भड़के तनवीर अहमद

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने माना कि भारत ने हारा हुआ मैच जीतकर दिखाया. उन्होंने मनाल चौहान और मोहित उल्वा की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि फाइनल में असली कमाल इन दोनों बल्लेबाजों ने किया.

'इंडिया के आगे दो टके का सिस्टम नहीं हमारा,' भारत की जीत के बाद पाकिस्तान में हाहाकार, भड़के तनवीर अहमद
पाकिस्तान की हार के बाद भड़के तनवीर अहमद
NDTV

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक जीत की गूंज सरहद पार भी सुनाई दी.  भारत के हाथों अंडर-19 एशिया कप फाइनल में मिली 1 विकेट की हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद अपनी ही क्रिकेट व्यवस्था पर भड़क उठे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की 'बेइज्जती' हुई है और अब यह कहना बंद कर देना चाहिए कि पाकिस्तान क्रिकेट भारत से बेहतर है. तनवीर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसके सिस्टम को हार का सबसे बड़ा कारण बताया.

तनवीर अहमद ने कहा कि पाकिस्तान को जिस तरह हार मिली, उसके बाद भारत से तुलना करने का कोई मतलब नहीं रह जाता. उनके मुताबिक पाकिस्तान का क्रिकेट सिस्टम भारत के मुकाबले कहीं नहीं ठहरता. उन्होंने कहा कि 'हमारी बेइज्जती हुई है. अब यह कहना बंद करो कि हम भारत से बेहतर हैं. मैं आज कह रहा हूं, हम जीरो हैं, बिल्कुल जीरो. हमारा सिस्टम भारत के सामने कुछ भी नहीं है.'

'हमारे बोर्ड ने सब बर्बाद कर दिया'

पूर्व तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि बोर्ड में जो भी नया अध्यक्ष आता है, वह अपने लोगों को आगे बढ़ाने में लग जाता है, जिससे पूरे ढांचे को नुकसान पहुंचता है. 'हमारे बोर्ड ने सब बर्बाद कर दिया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पूरे सिस्टम को तबाह कर दिया है. जो भी चेयरमैन आता है, वह अपने लोगों को फिट करने लगता है.'

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने माना कि भारतीय टीम ने हारा हुआ मैच जीतकर दिखाया. उन्होंने खास तौर पर मनाल चौहान और मोहित उल्वा की साझेदारी की तारीफ करते हुए कहा कि मुकाबला पूरी तरह पाकिस्तान की पकड़ में था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने वहां से बाजी पलट दी.

पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने अपने यूट्यूब शो में कहा कि भारत ने जिस स्थिति से वापसी की, वह किसी चमत्कार से कम नहीं थी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने 337 रन का बड़ा स्कोर बनाया था और आखिरी दो विकेट बाकी रहने तक मैच पूरी तरह उनके पक्ष में नजर आ रहा था.

तनवीर अहमद ने मैच के हीरो मोहित उल्वा को लेकर कहा कि फाइनल के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उसी खिलाड़ी की होने वाली है. उन्होंने कहा, 'भाई, मोहित छा गया. इंडिया वापस जाएगा तो हीरो बनकर जाएगा.' मोहित ने नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को खिताब दिलाया.

कैसे पलटा फाइनल?

338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत एक समय 252/8 के स्कोर पर पहुंच गया था. टीम को जीत के लिए 48 गेंदों में 86 रन चाहिए थे और सिर्फ दो विकेट बाकी थे. इसके बाद मनल चौहान (47) और मोहित उल्वा (49)* ने 57 रन की साझेदारी करके मैच का रुख बदल दिया. मनल के आउट होने के बाद भी मोहित ने हार नहीं मानी. उन्होंने सी वेंकट के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया और आखिरी गेंद पर चौका जमाकर भारत को रिकॉर्ड 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप चैंपियन बना दिया.

यह भी पढ़ें-  'जज्बे का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता...,' पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत पर बोले गौतम गंभीर

यह भी पढ़ें-  भारत की जीत पर क्या बोले वीरेंद्र सहवाग? बेटे आर्यवीर को लेकर पहला रिएक्शन हुआ वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India U19, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com